नागपुर में केमिस्ट्री पेपर लीक कांड
दो छात्राओं समेत शिक्षक से पूछताछ

* व्हाट्सऐप से हुआ था पेपर वायरल
नागपुर/दि.21 – पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के दावों के बीच शहर में बारहवीं के रसायनशास्त्र प्रश्नपत्र लीक होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र व्हाट्सऐप पर वायरल हो गया, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. यह घटना शहर के मध्य भाग स्थित सेंट उर्सुला हाईस्कूल के परीक्षा केंद्र पर उजागर हुई. परीक्षा के दौरान एक छात्रा बार-बार वॉशरूम जाने लगी, जिससे कक्ष निरीक्षक को शक हुआ. तीसरी बार लौटने पर उसकी महिला शिक्षक की मौजूदगी में तलाशी ली गई. तलाशी में छात्रा के पास से मोबाइल फोन मिला. फोन की जांच करने पर एक व्हाट्सऐप ग्रुप में परीक्षा शुरू होने से पहले प्रश्नपत्र और उसके उत्तर भेजे गए होने का खुलासा हुआ. इसके बाद केंद्र प्रमुख ने तुरंत पुलिस को बुलाया.
* दो छात्राओं और शिक्षक पर संदेह
पुलिस पूछताछ में छात्रा ने अपनी सहेली का नाम बताया. दोनों से पूछताछ के बाद पता चला कि एक निजी कोचिंग शिक्षक ने पैसे लेकर पेपर लीक किया था. इस आधार पर सदर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी शिक्षक की भी जांच की जा रही है.
* अन्य जिलों तक पहुंचने की आशंका
जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि प्रश्नपत्र कितने छात्रों तक पहुंचा और इस पूरे रैकेट में कितने लोग शामिल हैं. आशंका है कि पेपर परीक्षा से पहले राज्य के अन्य जिलों में भी पहुंचा हो सकता है. मामले ने परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.





