चेतन गावंडे सभागृह नेता व विलास इंगोले नेता प्रतिपक्ष घोषित
मनपा के सदन की पहली आमसभा में हुई घोषणा

अमरावती/दि.20 – अमरावती महानगर पालिका के नवगठित सभागृह की आज बुलाई गई पहली आमसभा में स्वीकृत पार्षदों के मनोनयन एवं स्थायी समिति सदस्यों के चयन के साथ ही सभागृह के नेता तथा नेता प्रतिपक्ष के नामों की भी घोषणा की गई. जिसके तहत सत्ताधारी दल रहनेवाली भाजपा के गट नेता चेतन गावंडे को सभागृह नेता तथा प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के गुट नेता विलास इंगोले को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया गया.
आज सुबह 11 बजे मनपा मुख्यालय स्थित भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सभागार में आमसभा की कार्रवाई शुरु होते ही कार्यसूची के अनुरुप स्वीकृत सदस्यों के मनोनयन, स्थायी समिति सदस्यों के चयन तथा सभागृह नेता व नेता प्रतिपक्ष की घोषणा से संबंधित कार्यवाही को आगे बढाया गया. 87 सदस्यीय अमरावती मनपा के सदन में 25 पार्षद संख्या के साथ भाजपा सबसे बडा राजनीतिक दल सबित हुआ है. जिसके पास गठबंधन के तहत युवा स्वाभिमान पार्टी के 15 एवं राकांपा के 11 ऐसे कुल 51 पार्षदों का स्पष्ट बहुमत भी है. जिसके चलते भाजपा के गुट नेता चेतन गावंडे को सभागृह का नेता घोषित किया गया. वहीं कांग्रेस के 15 एवं वंचित बहुजन आघाडी के 1 ऐसे 16 पार्षदों के दूसरे सबसे बडे गुट का नेतृत्व कर रहे गुट नेता विलास इंगोले को विपक्षी दलों का नेतृत्व करने हेतु नेता प्रतिपक्ष घोषित किया गया. जिनका पूरे सदन द्वारा अभिनंदन किया गया.





