हवाई हादसे का शिकार होने से बचे छगन भुजबल

उड़ान से पहले विमान में तकनीकी खराबी, टेकऑफ रद्द

मुंबई/धुले/दि.19 – राज्य के नेताओं की हवाई यात्रा सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. हालिया विमान दुर्घटना के बाद अब मंत्री छगन भुजबल के विमान में टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी आने की घटना सामने आई है. समय रहते उड़ान रद्द कर दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
जानकारी के मुताबिक शिवजयंती कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भुजबल मुंबई से धुले जाने वाले थे. उन्होंने बताया कि वे विमान में बैठ चुके थे और दोनों इंजन शुरू हो गए थे. विमान रनवे की ओर बढ़ने ही वाला था कि कॉकपिट के डैशबोर्ड की स्क्रीन बंद होने की आशंका बनी. उन्होंने कहा कि अगर नेविगेशन सिस्टम बंद हो जाता तो सॉफ्ट लैंडिंग असंभव हो सकती थी और विमान भटक सकता था. स्थिति को देखते हुए तुरंत उड़ान रद्द कर दी गई. उड़ान रद्द होने के बाद इंजीनियरों को जांच के निर्देश दिए गए और भुजबल सड़क मार्ग से येवला पहुंचे. बाद में वे धुले के कार्यक्रम में शामिल हुए.
बता दें कि, कुछ समय पहले उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत के बाद नेताओं की हवाई सुरक्षा को लेकर गंभीर चर्चा शुरू हो गई है. उसी क्रम में यह घटना और चिंता बढ़ाने वाली मानी जा रही है. इधर भाजपा नेता पंकजा मुंडे के हेलिकॉप्टर में भी उड़ान से पहले तकनीकी खराबी सामने आई थी, जिसे पायलट ने समय रहते पहचान लिया और बड़ा हादसा टल गया. लगातार सामने आ रही घटनाओं ने वीआईपी उड़ानों की तकनीकी जांच और सुरक्षा प्रोटोकॉल को और सख्त करने की मांग तेज कर दी है.

Back to top button