शिव जयंती पर ‘छत्रपति शिवाजी सुराज्य निर्माण बाइक रैली’ 19 फरवरी को

बुध्द जयंती उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने पत्रकार परिषद में दी जानकारी

अमरावती/दि.17-शिव जयंती महोत्सव 2026 के अवसर पर अमरावती शहर में 19 फरवरी को छत्रपति शिवाजी सुराज्य निर्माण बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा. यह रैली बुद्ध जयंती महोत्सव समिति, अमरावती तथा जिलाधिकारी कार्यालय के सांस्कृतिक विभाग और सांस्कृतिक निदेशालय, महाराष्ट्र राज्य के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, ऐसी जानकारी समिति के मुख्य संयोजक सुनील रामटेके ने आज यहां आयोजित पत्रकार परिषद में दी.
पत्रकार परिषद में आयोजन समिति के सुनील रामटेके ने बताया कि रैली भीमटेकड़ी से सुबह 10 बजे प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शिवटेकड़ी तक पहुंचेगी. इस दौरान विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. रैली का उद्देश्य छत्रपति शिवाजी महाराज के सुशासन, स्वराज्य और सामाजिक समरसता के विचारों को युवाओं तक पहुंचाना है. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:30 बजे भीमटेकड़ी परिसर में खेल प्रदर्शन, राष्ट्रमाता जिजाऊ पर आधारित कविता पाठ तथा शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित नुक्कड़ नाटक से होगी. यह नुक्कड़ नाटक राजकमल चौक, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक, राष्ट्रमाता जिजाऊ चौक एवं आरटीओ कार्यालय परिसर में प्रस्तुत किया जाएगा.
रैली का शुभारंभ राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल बोंडे, सांसद बलवंतराव वानखड़े, संभागीय आयुक्त डॉ. श्वेता सिंघल, जिलाधिकारी आशीष येरेकर, पुलिस आयुक्त राकेश ओला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में होगा. आयोजन समिति के मुख्य संयोजक सुनील रामटेके ने शहर के युवाओं और नागरिकों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होकर शिवाजी महाराज के आदर्शों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया है. उन्होंने बताया कि यह आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सुशासन और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है.

Back to top button