बच्चा चोरी की अफवाह से मचा हडकंप

गोंदिया पुलिस की तत्परता ने बचाई महिला की जान

गोंदिया/दि.27 – गोंदिया-भंडारा जिले में हाल ही में सामने आए कथित बच्चा बिक्री प्रकरण की चर्चा के बीच अब गोंदिया जिले में बच्चा चोरी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह फैलने से बड़ा हंगामा खड़ा हो गया. अफवाह के कारण ग्रामीणों ने एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया. हालांकि समय रहते पुलिस के पहुंचने से महिला की जान बच गई. यह घटना गोंदिया शहर से सटे कटंगी गांव में रात के समय सामने आई.
जानकारी के अनुसार, गांव में संदिग्ध रूप से घूम रही एक महिला को कुछ लोगों ने बच्चा चोरी करने वाली समझ लिया. देखते ही देखते गांव में यह बात फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. स्थिति तनावपूर्ण बन गई और महिला को घेरकर पूछताछ की जाने लगी. घटना की सूचना आपातकालीन नंबर 112 पर दी गई. सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस जांच में सामने आया कि संबंधित महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसे अपना नाम व पता भी ठीक से बताना संभव नहीं था. साथ ही यह भी जानकारी मिली कि उसके परिजन उसकी तलाश कर रहे हैं.
पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर महिला को भीड़ के कब्जे से सुरक्षित बाहर निकाला और आगे की कार्रवाई शुरू की. पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से संभावित अनहोनी टल गई. पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया या अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की पुष्टि किए बिना कानून अपने हाथ में न लें. अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
गौरतलब है कि पड़ोसी भंडारा जिले में कथित बच्चा बिक्री मामले में डॉ. नितेश बाजपेयी सहित छह लोगों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है.

Back to top button