अभय योजना को नागरिकों ने दिया उत्स्फूर्त प्रतिसाद

मार्च में ही 2.25 करोड नप की तिजोरी में जमा

* नगराध्यक्षा व कर्मचारियों की मेहनत रंग लाई
चांदूर रेल्वे/दि.2 – अभय योजना द्वारा बकायादारों को संपत्ति कर के दंड में 50 प्रतिशत छूट दिये जाने वाली इस योजना को नागरिकों ने उत्स्फूर्त प्रतिसाद दिया. मार्च महीने में ही रिकॉर्ड वसूली हुई. मार्च महीने में 2.25 करोड रुपए मनपा की तिजोरी में संपत्ति कर के रुप में जमा हुए. जिससे नप प्रशासन द्वारा समाधान व्यक्त किया जा रहा है. नगराध्यक्षा प्रा. प्रियंका विश्वकर्मा द्वारा बकायादारों को किये गये आवाहन पर उन्होंने प्रतिसाद देते हुए बडे प्रमाण में संपत्ति कर का भुगतान किया है और अभय योजना का लाभ लिया है.
इस ऐतिहासिक वसूली में नगर परिषद के कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा. मुख्याधिकारी सुप्रीया टवलारे के मार्गदर्शन में संपत्ति कर विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा घर-घर संपर्क कर संपत्ति कर अदा करने के लिए जनजागृति की गई थी. जिसकी वजह से कर संकलन में वृद्धि हुई है. शहर में पहली बार इतने बडे प्रमाण में कर वसूली होने पर नगराध्यक्षा प्रियंका नीलेश विश्वकर्मा ने शहरवासियों का आभार मानते हुए कहा कि, शहर के विकास के लिए नागरिकों द्वारा दर्शाया गया विश्वास और सहभाग अत्यंत महत्वपूर्ण है.
नगराध्यक्षा प्रियंका विश्वकर्मा ने वसूली अभियान में विशेष योगदान दिये जाने पर मुख्याधिकारी सुप्रीय टवलारे, कर विभाग के कर्मचारी, निरीक्षक शारदा कावले, कनिष्ठ लिपिक विशाल सुरकार व कम्प्यूटर ऑपरेटर सागर हटवार का शाल प्रदान कर सम्मान किया. सम्मान के पश्चात कर्मचारियों ने अपना मनोगत व्यक्त करते हुए कहा कि, इससे पहले किसी ने भी हमारे काम का सम्मान नहीं किया गया. हमारे काम का सम्मान करने वाली प्रियंका विश्वकर्मा पहली नगराध्यक्ष है. अभय योजना का लाभ नगराध्यक्षा प्रियंका विश्वकर्मा के नेतृत्व व कर्मचारियों के परिश्रम की वजह से नागरिकों को मिला. व नगरपालिका की इतने बडे प्रमाण में वसूली हुई. यह शहर के विकास में एक बडा कदम माना जा रहा है.

* शहरवासियों का आभार
चुनाव के समय नागरिकों को दिये गये संपत्ति कर की माफी का आश्वासन पूरा करने में सफलता प्राप्त हुई है. जिसमें मन से आनंद और समाधान हुआ है. शहर के नागरिकों ने अभय योजना को उत्स्फूर्त प्रतिसाद देते हुए कर अदा किया है और नगरपालिका को सहकार्य किया. इसके लिए मैं सभी शहरवासियों की मनपूर्वक आभारी हूं. नागरिकों के सकारात्मक सहभाग की वजह से शहर के विकास को गति मिलेगी.
– प्रा. प्रियंका नीलेश विश्वकर्मा,
नगराध्यक्षा, चांदूर रेल्वे.

Back to top button