शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी बर्खास्त
गुढीपाडवा की बाद नई कार्यकारिणी की होगी घोषणा

* कांग्रेस शहराध्यक्ष बबलू शेखावत ने दी जानकारी
अमरावती/दि.16 – शहर कांग्रेस कमिटी में नई उर्जा व नए जोश का निर्माण करने हेतु कांग्रेस शहराध्यक्ष बबलू शेखावत ने शहर कांग्रेस कमिटी की मौजूदा कार्यकारिणी को पार्टी प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से अनुमति प्राप्त करते हुए बर्खास्त कर दिया है. साथ ही उन्होंने बताया कि, गुढीपाडवा पर्व के बाद शहर कांग्रेस कमिटी की नई कार्यकारिणी घोषित की जाएगी.
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए कांग्रेस शहराध्यक्ष बबलू शेखावत ने बताया कि, हाल ही में हुए मनपा के चुनाव में सत्ताधारी दल की सत्ता और धनशक्ति के खिलाफ लडते हुए कांग्रेस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की और चुनाव के दौरान कई नए एवं युवा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए पूूरी जिद व इमानदारी के साथ काम किया. इन कार्यकर्ताओं के साथ उनके प्रभागों में काफी बडा जनाधार है और वे पार्टी के विविध पदों पर काम करने के लिए भी इच्छुक है. ऐसे में नए जोश से भरपूर एवं अच्छा-खासा जनाधार रहनेवाले कार्यकर्ताओं का समावेश कर पार्टी को नई मजबूती दिलाने हेतु शहर कांग्रेस कमिटी द्वारा पार्टी प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के पास एक प्रस्ताव भेजा गया था. जिसे मान्यता प्रदान करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने अमरावती शहर कांग्रेस कमिटी की मौजूदा कार्यकारिणी को विसर्जित करते हुए नई कार्यकारिणी गठित करने की अनुमति कांग्रेस शहराध्यक्ष बबलू शेखावत को दी.
गुढीपाडवा के शुभ मुहूर्त पश्चात नई कार्यकारिणी गठित करने की जानकारी देते हुए कांग्रेस शहराध्यक्ष बबलू शेखावत ने कहा कि, नई टीम में मौजूदा सक्रिय पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं व अनुभवी कार्यकर्ताओं के साथ नए युवाओं, महिलाओं एवं समाजसेवकों का समावेश किया जाएगा. साथ ही शहर में सभी घटकों से वास्ता रखनेवाले नागरिकों, कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों एवं युवक-युवतियों को शहर कांग्रेस कमिटी में शामिल होने का मौका मिलेगा. जिसके चलते अमरावती शहर में कांग्रेस पार्टी अब और अधिक मजबूत, सक्रिय व जनाधारित होकर आगे बढेगी. साथ ही पार्टी के मूलभूत तत्वों पर अडीग रहते हुए जनता से संबंधित मुद्दों के लिए काम करेगी.
इसके साथ ही कांग्रेस शहराध्यक्ष बबलू शेखावत ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होकर पूरे जोश व उत्साह के साथ जनसेवा करने के इच्छुक युवक-युवतियों तथा महिलाओं व पुरुषों से शहर कांग्रेस कमिटी कार्यालय में संपर्क करने और कांग्रेस पार्टी के साथ जुडकर राजनीति के मुख्य प्रवाह में शामिल होने की अपील की है.





