भानखेडा की घटना के बाद शहर पुलिस की खुली नींद

अब शाम के समय सुनसान स्थानों पर बढाई जाएगी पेट्रोलिंग

* दामिनी पथक, बीट मार्शल व सीआर मोबाइल करेंगे गश्त
अमरावती/दि.30 – विगत शनिवार की रात समीपस्थ चांदुर रेलवे रोड पर भानखेडा फाटे के निकट 5 लोगों द्वारा रास्ते से दुपहिया वाहन पर गुजर रहे युवक-युवती को रुकवाते हुए, उन्हें घने जंगल में ले जाकर मारपीट करने एवं युवती के साथ दुराचार किए जाने की घटना सामने आते ही अब अमरावती शहर पुलिस एक तरह से हडबडाकर नींद से जागी है तथा पुलिस ने भानखेडा फाटे पर घटित वारदात को ध्यान में रखते हुए शाम ढलते ही शहर के सीमावर्ती क्षेत्रों एवं सुनसान स्थानों पर अपनी पेट्रोलिंग को बढाने का ऐलान किया है. जिसके तहत अब वडाली, भानखेडा, छत्री तालाब, नवसारी, पोहरा जंगल, नांदगांव पेठ डैम, बडनेरा रोड व सुकली रोड जैसे इलाकों एवं सुनसान स्थानों पर दामिनी पथक, बीट मार्शल व सीआर मोबाइल वैन द्वारा लगातार गश्त लगाई जाएगी, ऐसा शहर पुलिस द्वारा कहा गया है.
उल्लेखनीय है कि, यूं तो शहर पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत आनेवाले सुनसान व निर्जन स्थानों पर अकेले नहीं जाने को लेकर बार-बार अपील करने के साथ ही शहर पुलिस द्वारा अक्सर ऐसे स्थानों पर नजर रखने हेतु पेट्रोलिंग करने के दावे भी किए जाते है, जो उस समय हवाहवाई साबित हुए, जब चांदुर रेलवे रोड पर भानखेडा फाटे के निकट दुपहिया वाहन पर सवार होकर अमरावती की ओर आ रहे एक युवक-युवती को पांच लोगों ने अगवा कर लिया और दोनों को जंगल परिसर में ले जाकर उनके साथ मारपीट करते हुए युवती की अस्मत लूटी गई. जिसकी वीडियो शूटिंग भी की गई. इसके बाद लुटे-पिटे युवक-युवती जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर भानखेडा के जंगल से निकलते हुए जिला सामान्य अस्पताल पहुंचे. इस दौरान उनका सामना एक बार भी पुलिस के गश्ती दल से नहीं हुआ, बल्कि उक्त युवक-युवती के जिला सामान्य अस्पताल पहुंचने के बाद अस्पताल प्रशासन के जरिए पुलिस को इस पूरी घटना की जानकारी मिली. जिसके चलते पुलिस द्वारा इससे पहले शहर के सुनसान, विरान व निर्जन स्थानों पर पेट्रोलिंग के संदर्भ में किए गए दावों पर सवालिया निशान उठाया जा सकता है.
वहीं इस बीच आज शहर पुलिस के दो उपायुक्तों द्वारा भानखेडा फाटे के पास स्थित लूटपाट व सामूहिक दुराचार की घटना वाले घटनास्थल का दौरान एवं मुआयना किया गया. जहां से अन्य कुछ सबूत व साक्ष भी हासिल किए गए. इसके साथ ही इस पूरे रास्ते का मुआयना करते हुए तय किया गया कि, इस सुनसान रास्ते सहित शहर के अन्य सभी सुनसान व निर्जन स्थानों पर शाम ढलने केे बाद शहर पुलिस के अलग-अलग पुलिस थानों के गश्ती दलों द्वारा गश्त लगाते हुए पेट्रोलिंग की जाएगी.
इस संदर्भ में शहर पुलिस की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया कि, छत्री तालाब, वडाली, पोहरा व भानखेडा परिसर में गाडगे नगर, फ्रेजरपुरा व राजापेठ, बडनेरा रोड, कोंडेश्वर रोड, सुपर एक्सप्रेस-वे व अकोला रोड परिसर में बडनेरा, अकोली रोड, सुकली रोड व नवसारी रिंग रोड परिसर में नागपुरी गेट व खोलापुरी गेट, भातकुली जंगल परिसर में भातकुली, नागपुर रोड के सुनसान स्थानों पर नांदगांव पेठ तथा परतवाडा व दर्यापुर मार्ग सहित रिंग रोड परिसर में वलगांव पुलिस के गश्ती दलों द्वारा रोजाना शाम ढलते ही पेट्रोलिंग की जाएगी.
यद्यपी शहर पुलिस की इस पहल को सतर्कता के लिहाज से प्रशंसनीय कहा जा सकता है. लेकिन इसके बावजूद यह कुल मिलाकर सांप निकल जाने के बाद लाठी पीटने की तरह का मामला है. क्योंकि इससे पहले भी शहर में कुछ सुनसान स्थानों पर ऐसी वारदाते घटित हो चुकी है और उस समय भी शहर पुलिस द्वारा सुनसान स्थानों पर शाम ढलने के बाद गश्त व पेट्रोलिंग को बढाने के दावे किए गए थे. लेकिन आगे चलकर उन मामलों के ठंडा पडते ही गश्त और पेट्रोलिंग की बात भी ठंडे बस्ते में चली गई थी. यदि विगत शनिवार को फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदुर रेलवे रोड पर भानखेडा फाटे के आसपास पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग रही होती, तो शायद विगत शनिवार को घटित घटना को टाला जा सकता था.

Back to top button