कक्षा 8 वीं की छात्रा ने फांसीी लगाकर दी जान

माता-पिता के लगातार झगड़ों से आहत होकर उठाया आत्मघाती कदम

* घरेलू कलह का मासूम के मन पर पडा था गहरा असर, नागपुर में हुई दर्दनाक घटना
नागपुर /दि.25 – परिवार में माता-पिता के बीच लगातार होने वाले झगड़ों का एक मासूम बच्ची के मन पर इतना गहरा असर पड़ा कि उसने अवसाद में आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. यह हृदयविदारक घटना शहर के न्यू म्हालगी नगर स्थित शिवाजी लेआउट क्षेत्र में सामने आई, जो हुडकेश्वर पुलिस स्टेशन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत छात्रा आठवीं कक्षा में अध्ययनरत थी. पिछले कुछ समय से उसके माता-पिता के बीच किसी न किसी बात को लेकर लगातार घरेलू विवाद हो रहे थे. घर में रोजाना बनने वाला तनावपूर्ण माहौल बच्ची के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर रूप से असर डाल रहा था. बताया जा रहा है कि वह काफी समय से तनाव और निराशा में रह रही थी. घटना के दिन घर में कोई मौजूद नहीं था. इसी दौरान बच्ची ने घर के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. कुछ समय बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल अस्पताल के शवागार में भिजवाया. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. इस तरह की घटना सामने आने से पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पारिवारिक विवादों का बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है. इस घटना ने एक बार फिर परिवारों में संवाद और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की आवश्यकता को उजागर किया है.

Back to top button