सीएम फडणवीस ने अपने गृह क्षेत्र विदर्भ के लिए सरकारी खजाने का मुंह खोला

बजट में विदर्भ पर मेहरबान हुई ‘सरकार’

मुंबई/दि.7 – महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य का बजट पेश करते हुए विदर्भ क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान दिया है. बजट में आधारभूत संरचना, कृषि, पर्यटन, उद्योग और ग्रामीण विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की गई है. सरकार ने गडचिरोली जिले के विकास के लिए लगभग 70 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान की घोषणा की है. वहीं नागपुर में राज्य की तीसरी फिल्म सिटी विकसित करने की योजना भी सामने आई है. इसके साथ ही कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री बलीराजा फार्म एक्सेस रोड योजना लागू करने की घोषणा की गई है. सरकार का कहना है कि यह बजट विदर्भ क्षेत्र के समग्र विकास, निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.

* गडचिरोली के लिए बड़ा विकास पैकेज
बजट में गडचिरोली जिले के सर्वांगीण विकास के लिए बड़े पैमाने पर निवेश की योजना बनाई गई है. इसके तहत सड़क, उद्योग, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए करीब 70 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

* नागपुर में बनेगी तीसरी फिल्म सिटी
सरकार ने नागपुर में राज्य की तीसरी फिल्म सिटी स्थापित करने की घोषणा की है. इससे क्षेत्र में फिल्म और मनोरंजन उद्योग को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है.

* कृषि और ग्रामीण विकास पर जोर
कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री बलीराजा फार्म एक्सेस रोड योजना के माध्यम से किसानों के खेतों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराया जाएगा. साथ ही राज्य के 50 पर्यटन स्थलों के विकास की भी योजना बनाई गई है.

* औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन
विदर्भ क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए एडवांटेज विदर्भ कार्यक्रम के अंतर्गत 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते किए गए हैं. इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है.

* ग्रामीण सड़कों का विस्तार
ग्रामीण विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे चरण में 23 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों और पुलों का निर्माण किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी.

* बजट में जिलानिहाय प्रमुख घोषणाएं
– नागपुर
– 1000 एकड़ में लॉजिस्टिक्स पार्क की स्थापना.
– छह जिलों में सर्कुलर इकोनॉमिक पार्क का निर्माण.
– काटोल और कलमेश्वर में संतरा प्रक्रिया केंद्र.
– राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय को अनुदान.
– नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का विस्तार.
– मिहान के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये.
– गोरेवाड़ा इंटरनेशनल जू में अफ्रीकन सफारी शुरू करने की योजना.

– अमरावती
– नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना.
– मराठी भाषा विश्वविद्यालय की स्थापना.
– मोर्शी में संतरा प्रक्रिया केंद्र.
– बेलोरा हवाई अड्डे का काम जल्द शुरू होगा.
– स्वर्गीय रासु गवई स्मारक के लिए 25 करोड़ रुपये.

– भंडारा
– नए मेडिकल कॉलेज की घोषणा.
– गोसीखुर्द बांध के लिए 1500 करोड़ रुपये का प्रावधान.

– बुलढाणा
– समृद्धि महामार्ग से सिंदखेड़राजा और शेगांव को जोड़ने के लिए चार लेन सड़क.
– संतरा प्रक्रिया केंद्र की स्थापना.

– यवतमाल
– संत सेवालाल महाराज स्मारक एवं तीर्थ विकास के लिए 500 करोड़ रुपये.
– बंजारा टांडा को सड़कों से जोड़ने के लिए विशेष सड़क योजना.

– गडचिरोली
– गोंडवाना विश्वविद्यालय को अनुदान.
– बिरसा मुंडा के नाम से ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के विकास के लिए नई योजना.

– वर्धा
– नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की घोषणा.

– अकोला
– शिवनी हवाई अड्डे के निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपये.
– अकोला-वाशिम मार्ग पर वैकल्पिक परिवहन प्रणाली लागू करने की योजना.

Back to top button