‘स्वीकृत’ पर सीएम फडणवीस के ममेरे भाई नाराज

पूर्व पार्षद विवेक कलोती की पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल

अमरावती /दि.21- भाजपा द्वारा अमरावती महानगर पालिका में अपने कोटे के तहत दो स्वीकृत पार्षद मनोनीत किए गए. जिसमें से एक स्वीकृत पार्षद के नाम को लेकर सीएम देवेंद्र फडणवीस के ममेरे भाई व पूर्व पार्षद विवेक कलोती ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी जताई है. पूर्व पार्षद विवेक कलोती द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर की गई पोस्ट को लेकर इस समय अच्छी-खासी चर्चाएं चल रही है.
बता दें कि, महानगर पालिका में भाजपा ने युवा स्वाभिमान पार्टी एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर सत्ता स्थापित की है. गत रोज मनपा के नए सभागृह की पहली आमसभा बुलाई गई थी. जिसमें स्वीकृत नगरसेवकों के नामों की घोषणा की गई. इस समय भाजपा के कोटे से एड. प्रशांत देशपांडे एवं डॉ. संजय तीरथकर ऐसे दो लोगों को स्वीकृत सदस्य के तौर पर मनोनीत किया गया. जिसके तुरंत बाद पूर्व पार्षद विवेक कलोती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए दो में से एक नाम को लेकर अपनी नाराजगी जताई. माना जा रहा है कि, पूर्व पार्षद विवेक कलोती ने भाजपा द्वारा स्वीकृत पार्षद मनोनीत किए गए डॉ. संजय तीरथकर के चयन को लेकर अपनी नाराजगी जताई है. बता दें कि, विवेक कलोती ने प्रभाग क्र. 14 बुधवारा-जवाहर गेट से भाजपा की टिकट पर मनपा का चुनाव लडा था परंतु उन्हें हार का सामना करना पडा था. वहीं इसी प्रभाग से वास्ता रखनेवाले डॉ. संजय तिरथकर भी प्रभाग क्र. 13 अंबापेठ-गौरक्षण अथवा प्रभाग क्र. 14 बुधवारा-जवाहर गेट से टिकट मिलने हेतु रेस में थे. जिन्हें दोनों में से किसी भी प्रभाग से भाजपा ने अपना प्रत्याशी नहीं बनाया था. जिसके चलते डॉ. संजय तिरथकर कुछ हद तक पार्टी से नाराज भी बताए जा रहे थे. ऐसे में माना जा रहा है कि, विवेक कलोती ने अपनी पोस्ट के जरिए सीधे तौर पर पार्टी द्वारा स्वीकृत पार्षद बनाए गए डॉ. संजय तिरथकर पर ही निशाना साधा है.
* क्या लिखा था कलोती की पोस्ट में?
‘उम्मीदवारी नहीं मिलने के चलते घर में मुंह फुलाकर बैठनेवाले और पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ काम करनेवाले को मिला इनाम’, इस आशय की पोस्ट विवेक कलोती द्वारा अपनी फेसबुक आईडी पर डाली गई है. जिसकी इस समय सर्वत्र चर्चा हो रही है. साथ ही इस पोस्ट के चलते अमरावती का राजनीतिक वातावरण काफी हद तक तपा हुआ है.

Back to top button