धामणगांव रेलवे का कोब्रा कमांडो नक्सली हमले में घायल

झाडा गांव के निवासी दिनेश राऊत है सीआरपीएफ के कोब्रा कमांडो

* झारखंड में साईबासा गांव के पास सारडा जंगल में नक्सलियों के साथ हुआ एनकाउंटर
* भीषण गोलिबारी में कोब्रा कमांडो दिनेश राऊत को लगी कई गोलियां
* गंभीर घायल दिनेश राऊत को रांची के अस्पताल से दिल्ली के एम्स में किया गया रेफर
* एम्स में इलाज के दौरान दिनेश राऊत का बायां पैर काटना पडा, पांव में फैल रहा था बारुदी जहर
धामणगांव रेलवे/दि.23 जिले के धामणगांव रेलवे तहसील के झाडा गांव निवासी कोबरा कमांडो दिनेश गणेशराव राऊत झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए. 21 फरवरी 2026 को झारखंड के चाईबासा के पास सारंडा जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ के दौरान हुए आयईडी विस्फोट में वे बुरी तरह जख्मी हो गए.
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आयईडी) में विस्फोट हुआ. इस विस्फोट की चपेट में आने से दिनेश राऊत के बाएं पैर को गंभीर क्षति पहुंची. मुठभेड़ के बीच भी उन्होंने साहस और संयम का परिचय दिया तथा अपने साथियों को सतर्क कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में मदद की.
* हेलीकॉप्टर से रांची, फिर एम्स दिल्ली
घटना के तुरंत बाद घायल जवान को जंगल क्षेत्र से हेलीकॉप्टर द्वारा रांची लाया गया. रांची के एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण 22 फरवरी को एयर एम्बुलेंस से उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान दिल्ली (एम्स) नई दिल्ली रेफर किया गया. एम्स में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने आपातकालीन सर्जरी की. डॉक्टरों ने बताया कि संक्रमण और अत्यधिक क्षति के कारण उनका बायां पैर काटना पड़ा. फिलहाल वे आईसीयू में चिकित्सकीय निगरानी में हैं.
* गांव में भावुक माहौल
घटना की खबर मिलते ही झाडा गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है. परिजन अस्पताल में मौजूद हैं. ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने उनके साहस की सराहना करते हुए परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है.
* वीरता की चर्चा
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, दिनेश राऊत ने ऑपरेशन के दौरान अदम्य साहस दिखाया. विस्फोट के बाद भी उन्होंने टीम का मनोबल बनाए रखा, जिससे अन्य जवान सुरक्षित रह सके. उनके इस पराक्रम की सुरक्षा बलों में सराहना हो रही है.
* क्षेत्र में अभियान जारी
मुठभेड़ के बाद सारंडा जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. देश की सेवा में गंभीर रूप से घायल हुए जवान दिनेश राऊत के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना पूरे अमरावती जिले के साथ-साथ राज्यभर में की जा रही है.

 

Back to top button