कमर्शियल गैस सप्लाई होगी पूर्ववत, राहत में लगेगा 8-10 दिन का समय
आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने विधान परिषद में दी जानकारी

* एलपीजी संकट पर सरकार को बताया पूरी तरह से अलर्ट
मुंबई/दि.17- राज्य में एलपीजी आपूर्ति को लेकर बनी अस्थायी किल्लत के बीच खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने विधान परिषद में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि कमर्शियल गैस की सप्लाई शुरू की जा रही है, लेकिन पूरी तरह स्थिति सामान्य होने में अभी 8 से 10 दिन का समय लग सकता है. मंत्री भुजबल ने बताया कि आम नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए घरेलू गैस, अस्पतालों, स्कूलों और कॉलेजों को प्राथमिकता के आधार पर 100% आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही राज्य स्तर पर एक कंट्रोल रूम शुरू किया गया है और शिकायतों के लिए व्हॉट्सऐप नंबर 9769919221 जारी किया गया है.
नागरी आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और एलपीजी व पीएनजी का उत्पादन जारी है. राज्य में एलपीजी उत्पादन को 9000 मीट्रिक टन से बढ़ाकर 11000 मीट्रिक टन कर दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण कुछ समय के लिए सप्लाई बाधित हुई थी, लेकिन अब जहाज मुंबई, कांडला और कोची बंदरगाहों पर पहुंच रहे हैं, जिससे जल्द स्थिति सुधरेगी.
उन्होंने यह जानकारी भी दी कि, एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 60 रुपयों की बढ़ोतरी हुई है, जिसे केंद्र सरकार तय करती है. हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से प्रति सिलेंडर 300 सब्सिडी दी जा रही है. राज्य सरकार भी अतिरिक्त राहत योजनाओं पर काम कर रही है.
* कालाबाजारी पर सख्ती, 23 केस, 18 गिरफ्तार
गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए राज्यभर में विशेष निगरानी दल बनाए गए हैं. जनवरी से 15 मार्च 2026 तक 2129 निरीक्षण करते हुए 1208 सिलेंडर जब्त किए गए तथा 33.66 लाख का माल जब्त करते हुए 23 मामले दर्ज किए गए और 18 आरोपी गिरफ्तार किए गए है. साथ ही सरकार ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचने की अपील भी की है.
* वैकल्पिक ईंधन की तैयारी
जरूरत पड़ने पर कोयला और केरोसिन जैसे वैकल्पिक ईंधनों का उपयोग बढ़ाने की तैयारी की जा रही है. कुछ होटल और रेस्टोरेंट पहले ही इसका इस्तेमाल शुरू कर चुके हैं. उपरोक्त जानकारी के साथ ही सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और जल्द ही गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी.





