आयुक्त मैडम, नमस्कार मैं संपादक तेजवानी बोल रहा हूं

महापौर तेजवानी ने आयुक्त सौम्या शर्मा का लिया ‘टेलिफोनिक इंटरव्यू’

* बजट को लेकर जानकारी हासिल करने के साथ ही शहर की साफ-सफाई और मनपा के कामकाज पर किए प्रश्न
अमरावती /दि.20- गत रोज एक दिन के लिए दैनिक ‘अमरावती मंडल’, दैनिक ‘आपली मातृभूमि’ व ‘मंडल न्यूज’ के अतिथि संपादक के तौर पर जिम्मेदारी संभालते हुए शहर के प्रथम नागरिक व महापौर श्रीचंद तेजवानी ने अमरावती महानगर पालिका की आयुक्त सौम्या शर्मा-चांडक से अपनी इस नई भूमिका के तहत अलग ही अंदाज में संवाद साधा तथा किसी दक्ष व कुशल संपादक की तरह महापौर श्रीचंद तेजवानी ने आयुक्त सौम्या शर्मा का बाकायदा ‘टेलिफोनिक इंटरव्यू’ लिया. जिसके तहत उन्होंने मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा से अमरावती महानगर पालिका के बजट तथा मनपा प्रशासन के दैनंदिन प्रशासनिक कामकाज को लेकर कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए. साथ ही साथ शहर की समस्याओं का समाधान करने हेतु मनपा प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों व उपायों पर जानकारी हासिल की.
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, महापौर श्रीचंद तेजवानी ने जब आयुक्त सौम्या शर्मा को फोन लगाया, तो उन्होंने बातचीत की शुरुआत ही अलग अंदाज में की, जिसके तहत महापौर तेजवानी ने कहा कि, ‘आयुक्त मैडम, नमस्कार, मैं संपादक श्रीचंद तेजवानी बोल रहा हूं.’ इस बात को सुनकर आयुक्त सौम्या शर्मा भी क्षणभर के लिए चौंक गईं, लेकिन तुरंत उन्होंने स्थिति को समझते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और सवालों के जवाब देने के लिए तैयार हो गईं.
मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा का साक्षात्कार लेते हुए अतिथि संपादक के तौर पर महापौर श्रीचंद तेजवानी ने सबसे पहला सवाल पूछा कि हाल ही में स्थायी समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए नगर निगम के बजट में किन प्रमुख बिंदुओं पर अधिक ध्यान दिया गया है. इस पर मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा ने बताया कि, बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है. साथ ही ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है, ताकि नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से अधिक सुविधाएं मिल सकें. इसके अलावा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं.
‘मंडल’ के ‘गेस्ट एडिटर’ के रूप में महापौर श्रीचंद तेजवानी ने शहर में कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने पूछा कि इस दिशा में प्रशासन क्या ठोस कदम उठा रहा है. जिस पर जवाब देते हुए मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा ने बताया कि, प्रशासन द्वारा कचरा निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. आम नागरिकों और स्वयंसेवकों की भागीदारी से सफाई अभियान को मजबूत किया जा रहा है. स्थायी और प्रभावी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम जारी है.
इस समय संपादक के तौर पर महापौर श्रीचंद तेजवानी ने एक अहम मुद्दा उठाते हुए पूछा कि स्वास्थ्य निरीक्षकों के तबादलों को लेकर जो चर्चाएं चल रही हैं, उस पर प्रशासन की क्या भूमिका है. इस पर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि, कुछ स्वास्थ्य निरीक्षकों के तबादले जरुर किए गए है. साथ ही जिन स्वास्थ्य निरीक्षकों ने तबादले के बाद अपनी नई पदस्थापना वाले स्थानों पर अपने कामकाज का जिम्मा नहीं संभाला है, उनके संदर्भ में संबंधित विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है. ऐसी रिपोर्ट में यदि कोई भी लापरवाही वाली बात पाई जाती है, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
इसके अलावा साफ-सफाई के मुद्दे को लेकर महापौर श्रीचंद तेजवानी द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा ने बताया कि, शहर में साफ-सफाई की व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के साथ ही शहर में सौंदर्यीकरण करने तथा फुटपाथों पर पेवींग ब्लॉक लगाते हुए सभी सडकों के बीचोंबीच स्ट्रीट लाइट लगाने के काम को भी पूरी प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है. इसके अलावा साफ-सफाई को लेकर बीते दिनों बुलाई गई मनपा की विशेष सभा में पार्षदों की ओर से आए सुझावों पर अमल करते हुए स्वच्छता ठेकेदार के साथ हुए करार में संशोधन करने के लिए भी आवश्यक नियोजन किया जा रहा है.
इस पूरे संवाद के दौरान महापौर तेजवानी ने एक अनुभवी संपादक की तरह सटीक और सीधे सवाल किए. वहीं मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा ने भी हर सवाल का स्पष्ट और तथ्यपूर्ण जवाब दिया. यह संवाद न केवल रोचक रहा, बल्कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि के बीच संवाद का एक नया और प्रभावी उदाहरण भी बना. महापौर श्रीचंद तेजवानी के ‘गेस्ट एडिटर’ रूप ने यह दिखाया कि यदि जनप्रतिनिधि मीडिया की भूमिका में आकर सवाल करें, तो प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता और भी मजबूत हो सकती है.
मंडल मीडिया हाउस की यह पहल केवल औपचारिक नहीं, बल्कि लोकतंत्र के दो महत्वपूर्ण स्तंभ-मीडिया और प्रशासन-के बीच संवाद को सशक्त बनाने वाली साबित हुई. ‘गेस्ट एडिटर’ के रूप में महापौर का यह प्रयोग शहर में चर्चा का विषय बन गया है.

Back to top button