आयुक्त सौम्या शर्मा ने किया अंबादेवी व देसाई लेआउट का दौरा
स्वच्छता व बुनियादी सुविधाओं के लिए तात्कालिक उपायों के दिए निर्देश

अमरावती/दि.21 – शहर में स्वच्छता, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं को सुधारने के उद्देश्य से महानगरपालिका आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक ने अंबादेवी रोड, शीलांगण रोड, पन्हालाल नगर और देसाई लेआउट क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर लंबित कार्यों को गति देने के निर्देश दिए. नागरिकों की शिकायतों के मद्देनज़र किए गए इस निरीक्षण में चेंबर मरम्मत, कचरा प्रबंधन, नालों की सुरक्षा तथा सफाई पर विशेष जोर दिया गया.
अंबादेवी रोड व शीलांगण रोड के चेंबर संबंधी मुद्दों का त्वरित समाधान करने हेतु महानगरपालिका और महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के बीच समन्वय स्थापित करने के स्पष्ट आदेश आयुक्त सौम्या शर्मा ने दिए. अंबादेवी क्षेत्र के एक खुले प्लॉट पर बड़े पैमाने पर कचरा डाले जाने की बात सामने आने पर संबंधित भूखंड को तुरंत बंद कर मालिकों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए. पन्नालाल नगर स्थित नाले की टूटी रेलिंग का पुनर्निर्माण तथा सुरक्षा दीवार बनाने के लिए तैयार प्रस्ताव को शीघ्र निधि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया. देसाई लेआउट क्षेत्र में सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने तथा सभी नालों की तात्कालिक सफाई करने के आदेश भी जारी किए गए.
निरीक्षण के दौरान नगरसेवक मिलिंद बांबल, स्वाती कुलकर्णी, लवीना हर्षे, रतन डेंडूले, उपआयुक्त योगेश पिठे, वैद्यकीय अधिकारी (स्वच्छता) डॉ. अजय जाधव, सहायक आयुक्त भूषण पुसदकर, उपअभियंता प्रमोद इंगोले, उद्यान अधीक्षक अजय विंचुरकर, अभियंता लक्ष्मण पावडे, वरिष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक श्रीकांत डवरे व स्वास्थ्य निरीक्षक प्रशांत गावनेर उपस्थित थे. महानगरपालिका की ओर से बताया गया कि शहर में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं के उन्नयन हेतु नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण जारी रहेंगे तथा नागरिक शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी.





