शहर विकास के किए गये वादे निभाने कटिबध्द

पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का ऐलान

* महापौर श्रीचंद तेजवानी तथा उप महापौर सचिन भेंंडे पदारूढ
* महापालिका में अभूतपूर्व समारोह, उन्नति की ब्ल्यू प्रिंट रेडी
अमरावती/ दि. 10 – जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि बीजेपी अमरावती शहर विकास के अपने घोषणापत्र में किए गये सभी वचन पूर्ण करने के लिए कटिबध्द है. विकास का ब्ल्यू प्रिंट तैयार है. समुचित नियोजन के साथ काम होगा. पालकमंत्री सोमवार शाम महापालिका में बीजेपी के श्रीचंद तेजवानी के महापौर एवं युवा स्वाभिमान के सचिन भेंडे के उप महापौर पद ग्रहण में बोल रहे थे. महापालिका में अभूतपूर्व ऐसा समारोह इस समय हुआ. उनके साथ युवा स्वाभिमान के नेता और विधायक रवि राणा, विधायक प्रताप दादा अडसड, बीजेपी शहर जिलाध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे, पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल, राष्ट्रवादी के अविनाश मार्डीकर, महानुभाव के पूज्य कारंजीकर दादा सहित सभी महायुति नेता व पदाधिकारी मौजूद थे.
अगले पांच वर्षो में करने हैं अनेक कार्य
पालकमंत्री बावनकुले ने कहा कि अगले पांच वर्षो में अमरावती को विकास की डगर पर आगे बढाना है. घोषणापत्र में किए गये सभी वादे तो पूर्ण करने ही है. उससे आगे बढकर विकास प्रोजेक्ट साकार करने हैं. उन्होंने महापौर तथा उप महापौर दोनों से तत्काल काम में जुट जाने का निर्देश दिया. पालकमंत्री ने प्राथमिकता से किए जानेवाले कामों के बारे में भी इस समय उल्लेखित कर दिए. पालकमंत्री ने महापौर और उप महापौर को पुष्पगुच्छ दिया. मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक ने पालकमंत्री और विधायक रवि राणा का स्वागत किया.
एमआयएम से कोई संबंध नहीं
चंद्रशेखर बावनकुले ने बहुत स्पष्ट रूप से कहा कि एमआयएम का बीजेपी से कोई संबंध नहीं है. महायुति के प्रत्याशियों को एमआयएम की मीरा कांबले ने क्यों वोट दिया. इसके पीछे की वजह हमें नहीं पता. हम में से कोई उनके पास न गया था. कोई चर्चा भी नहीं हुई थी. बीजेपी और एमआयएम दोनों बिल्कुल अलग विचारधारा के पक्ष है. पालकमंत्री ने बहुत स्पष्ट कहा कि हमें उनके वोट की आवश्यकता भी नहीं थी. हमारा स्पष्ट बहुमत सदन में था. विधायक रवि राणा के एमआयएम संबंधी दावे पर पालकमंत्री ने कुछ कहने से मना कर दिया. विधायक राणा ने रविवार को ही एक सत्कार समारोह में दावा किया था कि एमआयएम के और तीन नगरसेवक उनके अर्थात राणा के संपर्क में हैं.
भारी जन अपेक्षाएं
पालकमंत्री ने कहा कि अमरावती के लोगों की काफी अपेक्षाएं मनपा शासन – प्रशासन से हैं. ऐसे में नागरिकों की अपेक्षाओं को पूर्ण करने करने का जिम्मा महापौर और उप महापौर है. दोनों ही सक्षम, उर्जावान, जनसंपर्क वाले नेता होने की प्रशंसा भी चंद्रशेखर बावनकुले ने इस समय की. उन्होंने दावा किया कि राज्य में महायुति सरकार ने स्थानीय स्वराज्य संस्थाओ को बलशाली करने का संकल्प किया है. महापालिका को अधिक अधिकार और फंड तथा योजनाओं का योग्य उपयोग करने कहा जायेगा. जिससे शहर विकास को गति मिलेगी. शहर के मूलभूत काम तो निश्चित ही तत्परता से और पारदर्शिता से होंगे. सभी नागरी सुविधाएं अमरावती महापालिका अपने नागरिकों को उपलब्ध करवायेगी.
विधायक रवि राणा ने किया संबोंधन
विधायक रवि राणा ने इस समय कहा कि शहर विकास में मनपा की भूमिका महत्वपूर्ण होती है. गुणवत्तापूर्ण नागरी सुविधाओं के लिए महायुति कटिबध्द रहेगी. प्रत्येक जनप्रतिनिधि का भी यह जिम्मा होता है. उन्होंने भी विश्वास व्यक्त किया कि महापौर श्रीचंद तेजवानी तथा उप महापौर सचिन भेंडे में लोगों की अपेक्षाएं पूर्ण करने का माद्दा है. बुनियादी सुविधाएं रस्ते, सडके , स्वच्छता, जलापूर्ति, स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाओं पर ध्यान देना आवश्यक है. उन्होंने पारदर्शी और गतिमान एवं जनाभिमुख उप विकास कार्यो हेतु सभी से एक होकर प्रयत्न करने का आवाहन किया. विधायक राणा ने कहा कि वे मनपा शासन- प्रशासन को सर्वोतोपरि सहकार्य करेंगे.
महापौर श्रीचंद तेजवानी ने कहा कि जन अपेक्षाओं को पूर्ण करने का प्रामाणिक प्रयत्न होगा. बदलते हालात में स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं को प्राप्त विशेष अधिकारों का उचित व प्रभावी उपयोग किया जायेगा. उप महापौर सचिन भेंडे ने भी अपने कार्यकाल में सभी से सहकार्य की अपेक्षा व्यक्त कर महापालिका को सक्षम करने विशेष प्रयत्न की बात कही. उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाएं मनपा के माध्यम से जन- जन तक पहुचाने का प्रयास होगा. इस समय महायुति के सभी नगरसेवक, बीजेपी जिलाध्यक्ष रविराज देशमुख, शिवराय कुलकर्णी, रवीन्द्र खांडेकर, तुषार भारतीय, चेतन गावंडे, सुनील काले, सुनील खराटे, दिनेश सूर्यवंशी, निवेदिता चौधरी दिघडे, प्रा. प्रशांत देशपांडे, जयंत डेहनकर, ललित समदुरकर, उमेश ढोणे, बलदेव बजाज, सचिन रासने, प्रा.डॉ. संजय तीरथकर, सदु पुंशी, चंद्रशेखर कुलकर्णी, संजय हिंगासपुरे और अनेक पदाधिकारी, सभी गटनेता और बडी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.

Back to top button