प्रादेशिक जलापूर्ति योजना काम पूर्ण करें
विधायक राजेश वानखडे की विधानसभा में मांग

अमरावती/ दि.10 – जलजीवन मिशन अंतर्गत तिवसा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की भातकुली, अमरावती तहसील में प्रगति पथ पर रहनेवाली 105 गांव वाढिव प्रादेशिक जलापूर्ति योजना के प्रलंबित बिल व योजना को पूर्ण करने की मांग तिवसा के विधायक राजेश वानखडे ने विधानसभा में की है. उन्होंने तिवसा विधानसभा क्षेत्र के कुल 52 गांव खारे पट्टे में रहने की वजह से क्षारयुक्त पानी से यह गांव बाधित हुए है. जिसमें इस योजना के लिए प्रलंबित निधि उपलब्ध कराने को लेकर उन्होेंने जलापूर्ति मंत्री से विनंती कर योजना कब तक पूर्ण होगी, ऐसा सवाल किया.
चर्चा के दौरान योजना की वर्तमान परिस्थिति, रूके हुए काम तथा ठेकेदार के प्रलंबित बिल के परिणामस्वरूप योजना धीमी गति से चल रही है. इसको लेकर सभागृह में सविस्तार चर्चा की गई. वही पानी की किल्लत को लेकर तत्काल उपाय योजना किए जाने की मांग भी राजेश वानखडे ने जलापूर्ति मंत्री से की. विधायक वानखडे के सवालों का जवाब देेते हुए जलापूर्ति मंत्री गुलाबराव पाटिल ने कहा कि 105 गांव प्रादेशिक वाढीव जलापूर्ति योजना के प्रलंबित बिल जल्द ही अदा कर कामों को गति दी जायेगी और यह योजना दिसंबर 2026 तक पूर्ण की जायेगी, ऐसा आश्वासन भी उन्होंने सभागृह में दिया.
यह योजना पूर्ण होने के बाद अचलपुर, चांदुर बाजार तहसील सहित तिवसा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की भातकुली व अमरावती तहसील के खारे पट्टों के गांव के हजारों नागरिकों को शुध्द व नियमित जलापूर्ति होगी और पानी की समस्या से बडी राहत मिलेगी. जलापूर्ति मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन अंतर्गत केन्द्र सरकार की ओर से मिलनेवाली निधि न मिलने की वजह से योजना को विलंब हुआ है. लेकिन केन्द्र सरकार की निधि की राह न देखते हुए महाराष्ट्र शासन स्वनिधि से योजना के लिए पिछले एक साल में 13 करोड रूपए की निधि उपलब्ध कराई गई है. अब केवल 11 करोड रूपए के बिल प्रलंबित है. यह बिल जल्द अदा करने की कार्रवाई शासन स्तर पर शुरू है.





