प्रभाग क्र. 4 जमील कालोनी-लालखडी में एसआईआर मैपिंग दोबारा कराए

नगरसेविका कुबरा बानो करामत अली की जिलाधीश को ज्ञापन सौंपकर मांग

अमरावती/दि.8 – अमरावती जिले के लालखड़ी स्थित जमील कॉलोनी के वार्ड क्रमांक 4 में एसआईआर मैपिंग के अधूरे और त्रुटिपूर्ण डेटा को लेकर नगरसेविका कुबरा बानो करामत अली ने जिलाधिकारी आशीष शेरेकर को ज्ञापन सौंपकर पुनः मैपिंग कराने की मांग की है.
ज्ञापन में बताया गया कि उक्त क्षेत्र में एसआईआर मैपिंग का कार्य लगभग 60 प्रतिशत तक ही पूरा हुआ है, जबकि शेष प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण आंकड़े अनुपलब्ध पाए गए हैं. इस कारण क्षेत्र के नागरिकों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं और नुकसान का सामना करना पड़ रहा है. नगरसेविका कुबरा बानो करामत अली ने कहा कि अधूरे और गलत डेटा के आधार पर आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, जिससे नागरिकों के अधिकारों पर भी असर पड़ने की आशंका है. इसलिए जमील कॉलोनी के वार्ड क्रमांक 4 में मैपिंग का पुनर्मूल्यांकन और पुनः सर्वेक्षण किया जाना बेहद जरूरी है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस गंभीर विषय को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द संपूर्ण और सटीक मैपिंग कराई जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके. इस संबंध में स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है.

Back to top button