कांग्रेस पार्टी नहीं, एक परिवार है
प्रवक्ता शेख इसरार आलम का कथन

* हर सुख-दुख में पार्टी के साथ रहने की बात कही
अमरावती/दि.27- देश की वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए यूथ कांग्रेस के प्रवक्ता शेख इसरार आलम ने कहा कि आज देश बेरोजगारी, महंगाई, जातिवाद और किसान विरोधी नीतियों जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ता में बैठी सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता अनेक कठिनाइयों से गुजर रही है. उन्होंने कहा कि ऐसे समय में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जिस तरह देशभर में जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है. उनके नेतृत्व में पार्टी लगातार लोकतंत्र और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है.
शेख इसरार आलम ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है कि वे कंधे से कंधा मिलाकर नेतृत्व के साथ खड़े रहें और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें. अमरावती महानगरपालिका चुनाव के परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे, लेकिन इसे हार नहीं बल्कि सीख के रूप में लिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और पहले से अधिक मजबूती के साथ काम करेंगे.
स्वीकृत नगरसेवक पद को लेकर कुछ कार्यकर्ताओं में नाराजगी होने की बात स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि वे सभी कांग्रेस परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व आपसी संवाद के माध्यम से उनकी नाराजगी दूर करेगा और संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगा. उन्होंने अंत में कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक विचार और परिवार है, और परिवार कभी टूटता नहीं बल्कि समय के साथ और अधिक मजबूत बनता है.