गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ तिवसा में कांग्रेस का प्रदर्शन

खाली सिलेंडर और चूल्हा रखकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जताया विरोध

तिवसा/दि.13- घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और संभावित आपूर्ति संकट के विरोध में कांग्रेस पार्टी की महिला कांग्रेस और तहसील कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शुक्रवार को तिवसा तहसील कार्यालय के सामने लक्षवेधी आंदोलन किया गया. आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने खाली गैस सिलेंडर और चूल्हा रखकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया. आंदोलनकारियों का आरोप था कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और आपूर्ति में कमी के कारण अमरावती जिले सहित ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता प्रभावित हो रही है, जिससे आम नागरिकों और विशेषकर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों में लगातार हो रही वृद्धि से गृहिणियों और किसान परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है.
इस समय कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनता को अच्छे दिन का वादा करने वाली सरकार अब महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल साबित हो रही है. उनका कहना था कि एलपीजी सिलेंडर जीवनावश्यक वस्तु है, इसलिए सरकार को तत्काल इसकी कीमतों में कमी करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए. आंदोलन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए.
इस आंदोलन में प्रमुख रूप से प्रकाश माहोरे, दिलीप कालबांडे, सतीश पारधी, सेतू देशमुख, प्रफुल देशमुख, प्रदीप बोके, मोहन वानखडे, भारत ढोणे, नगराध्यक्ष प्रतिभा गौरखेडे, उपनगराध्यक्ष प्रिया विघ्ने, सभापति रवींद्र राऊत, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रूपाली काले, कल्पना दिवे, वृंदा कालमेघ, जयश्री वानखडे, पूनम कालमेघ, सुरेखा देशमुख, ललिता बोरालकर, वंदना देशमुख सहित अनेक महिला पदाधिकारी, किसान और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे. कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने गैस सिलेंडर की कीमतों में जल्द राहत नहीं दी और आपूर्ति व्यवस्था सुचारू नहीं की, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तीव्र किया जाएगा.

Back to top button