कांग्रेस को मुंह दिखाने की जगह नहीं बचेगी, ऐसा पराभव करेंगे
चंद्रशेखर बावनकुले की खुली चुनौती

* बारामती उपचुनाव में उम्मीदवार देने पर भाजपा की चेतावनी
पुणे/दि.6 – बारामती उपचुनाव की पृष्ठभूमि पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कांग्रेस पर तीखा निशाना साधते हुए आक्रामक भूमिका रखी. बारामती में कांग्रेस ने चुनाव नहीं लड़ना चाहिए. अगर लड़ी तो उनका ऐसा पराभव करेंगे कि उन्हें मुंह दिखाने की जगह नहीं बचेगी, ऐसी सीधी चेतावनी उन्होंने कांग्रेस को दी है.
बावनकुले ने अजीत पवार के राजनीतिक सफर का संदर्भ देते हुए कांग्रेस को भावनात्मक अपील की. अजित दादा का अधिकांश राजनीतिक समय कांग्रेस के साथ गुजरा है. उनके संबंध, सहवास और काम का इतिहास कांग्रेस से जुड़ा है. इसलिए कांग्रेस अगर कुछ राजनीतिक संस्कार निभाना चाहती है, तो उसे बारामती में चुनाव नहीं लड़ना चाहिए और सुनेत्रा पवार के पीछे खड़ा होना चाहिए, ऐसा उन्होंने कहा.
* बारामती में जीत का दावा
बारामती में जीत को लेकर उन्होंने बड़ा दावा किया. हम खुद बारामती जाकर सुनेत्रा पवार का नामांकन भरेंगे. बारामती में 75 प्रतिशत से अधिक मतों से जीत हासिल करेंगे. कांग्रेस का आज तक कभी नहीं हुआ होगा इतना बड़ा पराभव यहां होगा, ऐसा विश्वास उन्होंने व्यक्त किया.
* पार्टी का विस्तार हमारा उद्देश्य
इस दौरान भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर संगठन को लेकर भी उन्होंने महत्वपूर्ण बयान दिया. पार्टी का विस्तार और मजबूती हमारा मुख्य उद्देश्य है. पुणे में और राज्य में, देशभर में भाजपा का संगठन 51 प्रतिशत से ज्यादा करने का संकल्प लिया है. युवाओं को बड़े पैमाने पर पार्टी से जोड़ेंगे. राज्यभर में संगठन मजबूत करने के लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं, ऐसा उन्होंने स्पष्ट किया.
* दोषी अधिकारियों को बर्खास्त करेंगे
अशोक खरात मामले पर उन्होंने सावधानी भरी भूमिका ली. यह मामला संवेदनशील है. मेरे जैसे कार्यकर्ताओं को इस पर मीडिया के सामने टिप्पणी करना उचित नहीं है. जांच से जो निष्कर्ष सामने आएंगे उसी के अनुसार कार्रवाई होगी. अगर अधिकारी दोषी पाए गए, तो उन्हें बर्खास्त किया जाएगा, ऐसा उन्होंने कहा. इस दौरान कांग्रेस द्वारा अजित पवार के दुर्घटना मामले में केस दर्ज करने की मांग पर उन्होंने पलटवार किया. चुनाव को ध्यान में रखकर ऐसी मांगें की जा रही हैं. लेकिन बारामती की जनता सुनेत्रा पवार को भारी मतों से विजयी करेगी और कांग्रेस को बड़ा झटका देगी, ऐसा दावा बावनकुले ने किया.





