निर्माण क्षेत्र ने किया रेडीरेकनर रेट न बढाने का स्वागत

घर खरीददारों के लिए बहुत फायदेमंद

* सेक्टर को गति मिलने की आशा बढी
अमरावती/दि.1 – महाराष्ट्र सरकार द्वारा प्रॉपर्टी के रेडीरेकनर रेट लगातार तीसरे वर्ष कायम रखने के निर्णय का भवन निर्माताओं, भूविकासकों ने स्वागत किया है. इस ग्राहकों के व्यापक हित में बताया और यह भी कहा कि, संपूर्ण क्षेत्र के लिए यह निर्णय ग्रोथ लेकर आएगा. क्रेडाई अमरावती चैप्टर के अध्यक्ष राजन पाटिल ने कहा कि, निश्चित ही महायुति सरकार का निर्णय बढिया है. इसका विश्व के युद्ध से घिरे हालात में बडा फर्क पडेगा. घर खरीददारों की संख्या बढने की पूरी आशा है. वहीं पूर्व अध्यक्ष नीलेश ठाकरे ने कहा कि, रेडीरेकनर रेट नहीं बढाये जाने से संपूर्ण सेक्टर को प्रोत्साहन मिलने वाला है. प्रॉपर्टी ब्रोकर्स ने भी सरकारी निर्णय का स्वागत करते हुए घर, प्लॉट खरीददारों के लिए अच्छा अवसर निरुपित किया. बता दें कि, रेडीरेकनर रेट बढाये जाने की बडी आशंका की जा रही थी. उन सभी आशंकाओं को निर्मूल सिद्ध करते हुए सरकार ने संबंधित पैनल की पांच प्रतिशत बढोत्तरी की कथित सिफारिश को अनसुना कर घर खरीदारों के व्यापक हित में निर्णय किया.
* स्टैम्प ड्यूटी पहले समान
रेडीरेकनर रेट न बढाये जाने से घर, अचल संपत्ति खरीददारों को पहले के रेट पर ही मुद्रांक शुल्क देय होगा. इससे माना जा रहा है कि, प्रॉपर्टी सेक्टर में गति आएगी. अधिकांश बिल्डर्स ने सरकार ने निर्णय का स्वागत किया. यह भी कहा कि, जिन्हें इस वर्ष घर, प्लॉट खरीदना है, वे इस अवसर पर लाभ उठा सकते हैं. वहीं कुछ जानकारों का कहना है कि, सरकार को रेडीरेकनर रेट बढाने चाहिए थे. बदले में मुद्रांक शुल्क का प्रतिशत कम करना चाहिए. आखिर खरीदी मार्केट रेट से ही होती है. सरकार को मुद्रांक कम प्राप्त होता हैं. सरकार द्वारा मुद्रांक से प्राप्त राजस्व का नागरी सुविधाओं के लिए उपयोग किया जाता है. इसलिए मुद्रांक राजस्व बढाने के बारे में शासन को सोचना चाहिए था.

* एकदम बढिया निर्णय
के्रडाई अमरावती अध्यक्ष और प्रसिद्ध भवन निर्माता राजन पाटिल ने रेडीरेकनर रेट नहीं बढाये जाने के निर्णय को बहुत बढिया निरुपित किया. उन्होंने अमरावती मंडल से चर्चा करते हुए कहा कि, मुद्रांक शुल्क पहले समान लगने से निश्चित ही खरीददारों की बढोत्तरी की आशा है. ऐसे में आगामी 19 अप्रैल के अक्षय तृतीया के मुहूर्त पर फ्लैट, दुकान, ऑफिस, प्लॉट बुकिंग बढने की पूरी संभावना समस्त सेक्टर देख रहा हैं. रेडीरेकनर रेट नहीं बढने से अप्रत्यक्ष रुप से खरीददार का अनेक टैक्स के रुप में भी फायदा होने वाला है. विश्व के कुछ देशों के बीच जंग चल रही हैं. जिससे बाजार में मंदी की आशंका देखी जा रही है. ऐसे में भवन निर्माण क्षेत्र को सरकार ने रेडीरेकनर रेट कायम रखकर प्रोत्साहन दिया है. इसका कस्टमर्स को लाभ लेना चाहिए.

* ग्राहकों को फायदा, व्यापार बढेगा
अमरावती केे्रडाई के भूतपूर्व अध्यक्ष नीलेश ठाकरे ने भी शासन निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि, ग्राहकों का लाभ होने जा रहा है. उसी प्रकार भवन निर्माण क्षेत्र में निश्चित ही बेहतर और अधिक प्रमाण में डील्स होगी. घर, प्लॉट की खरीदी जिनकी बाकी है और बडी चाह है, ऐसे लोग इस अवसर का लाभ ले सकते हैं. कस्टमर्स बढने से निश्चित ही बिल्डर्स और डेवलपर्स के साथ ही इस क्षेत्र पर आधारित अनेकानेक उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा. महाराष्ट्र सरकार ने व्यापक जनहित में रेडीरेकनर रेट पहले के समान रखने का निर्णय किया है. उसका हम सभी स्वागत करते हैं. आशा करते है कि, ग्राहक इसका लाभ लेंगे.

Back to top button