अध्यापिका की सुपारी हत्या, केंद्रीय मंत्री ने की जांच दल की मांग

सीएम को लिखी चिट्ठी

बुलढाणा/दि.11 – केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने एक शिक्षिका की हत्या की एसआईटी जांच के लिए सीधे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है. इस शिक्षिका की उसके ही पति ने सुपारी देकर हत्या करवाई थी. पुलिस ने इस मामले में मृत महिला के पति सहित दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है. लेकिन अब केंद्रीय मंत्री ने ही इस घटना में अन्य आरोपियों को पुलिस द्वारा संरक्षण दिए जाने का आरोप लगाते हुए सीधे एसआईटी जांच की मांग की है, जिससे इस घटना का रहस्य और गहरा गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, बुलढाणा जिले के संग्रामपुर तालुका के पातुर्डा गांव की वृषाली गावंडे जिला परिषद स्कूल में शिक्षिका थीं. 2 मार्च को जब वे पिंपळगांव काळे स्थित अपनी स्कूल जा रही थीं, तभी एक चारपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. इसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई. शुरुआत में यह घटना दुर्घटना लग रही थी, लेकिन बाद की जांच में सामने आया कि वृषाली की हत्या उनके ही पति ने सुपारी देकर करवाई थी. इसके बाद पुलिस ने वृषाली गावंडे के पति, उसके दोस्त और वाहन चालक-इन तीनों को गिरफ्तार किया.
* क्या पुलिस आरोपियों को संरक्षण दे रही है?
लेकिन इस अपराध में शामिल वृषाली के पति के अन्य रिश्तेदार अब भी खुले घूम रहे हैं. इसलिए केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने सवाल उठाया है कि क्या पुलिस इन आरोपियों को संरक्षण दे रही है? उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर जांच उइख को सौंपने की मांग की. साथ ही उन्होंने अपने पत्र में कहा कि इस मामले में विधिज्ञ उज्वल निकम को विशेष सरकारी वकील नियुक्त किया जाए और केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए. खुद केंद्रीय मंत्री द्वारा विशेष जांच की मांग किए जाने के बाद नागरिकों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ रही है.

Back to top button