परसों संगाबा अमरावती विवि का दीक्षांत समारोह

42,317 विद्यार्थियों को पूर्व सेना प्रमुख मनोज पांडे करेंगे अलंकृत

* निकिता पुनसे ने जीते 6, पल्लवी राठोड ने 5 गोल्ड मेडल
* साईश्वरी इंदूरकर को 4 सुवर्ण पदक प्रदान किये जाएंगे
* कमलताई गवई को मानद डी लिट
अमरावती/दि.21 – संत गाडगे बाबा अमरावती विश्व विद्यालय का 42 वां दीक्षांत समारोह परसो सोमवार 23 फरवरी को सबेरे 10 बजे विवि प्रांगण में आयोजित किया गया है. समारोह की अध्यक्षता कुलगुरु डॉ. मिलिंद बारहाते करेंगे. पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे मुख्य अतिथि होंगे. वे ही बीज भाषण करेंगे. प्र-कुलगुरु डॉ. महेंद्र ढोरे भी मंचासीन होंगे. इस वर्ष 42317 विद्यार्थियों को स्नातक उपाधि और 255 डिप्लोमा प्रदान किये जाएंगे. उसी प्रकार डॉ. कमल रामकृष्ण गवई को मानद डी लिट अर्थात वाडमय पंडित सर्वोच्च पदवी से सम्मानित किया जाएगा. यह जानकारी विवि द्वारा आज आयोजित प्रेसवार्ता में कुलगुरु डॉ. मिलिंद बारहाते ने दी. इस समय प्र-कुलगुरु, कुलसचिव और व्यवस्थापन परिषद के सभी सदस्य उपस्थित थे.
* स्वर्ण पदकों पर बेटियों की बाजी
विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में 122 गोल्ड मेडल सहित 168 पदकों से भी मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान होगा. गोल्ड मेडल की बात करें, तो छात्राओं ने 80 प्रतिशत से अधिक मेडल अपने नाम किये हैं. नेहरु विज्ञान महाविद्यालय नेर की छात्रा निकिता किशोर पुनसे ने सर्वाधिक 6 गोल्ड मेडल प्राप्त किये हैं. आर. ए. कला महाविद्यालय वाशिम की छात्रा पल्लवी बालकृष्ण राठोड ने पांच सुवर्णपदक जीते हैं. संत गजानन महाराज इंजि कॉलेज की छात्रा तेजस्वीनी विठ्ठल भगत और विद्याभारती अमरावती की छात्रा साईश्वरी सत्यजीत इंदूरकर ने चार-चार गोल्ड मेडल जीते हैं.
* 466 संशोधकों को उपाधि
विद्यापीठ ने अब तक 5822 संशोधकों को डॉक्टरेट अर्थात आचार्य की उपाधि से सम्मानित किया है. परसों के दीक्षांत समारोह में भी 466 संशोधकों को आचार्य की उपाधि से अलंकृत किया जाएगा. जिसमें सर्वाधिक 207 आचार्य पदवीधारक विज्ञान और तकनीकी कोर्स के हैं. जबकि कॉमर्स और मैनेजमेंट के 74 लोगों को आचार्य की उपाधि दी जाएगी. मानव विज्ञान शाखा में 121 आचार्य पदवीधारक होंगे.
* स्व. जुगलकिशोर अग्रवाल स्मृति संपादक पुरस्कार
विद्यापीठ द्वारा तीन नये गोल्ड मेडल और पुरस्कार अगले वर्ष से शुरु किये जा रहे हैं. जिसमें स्व. जुगलकिशोर अग्रवाल स्मृति संपादक पुरस्कार शामिल है. संभाग के 5 जिले के समाचार पत्रों के संपादक हेतु यह पुरस्कार रहेेगा. तदहेतु दैनिक अमरावती मंडल के संपादक अनिल जुगलकिशोर अग्रवाल ने विद्यापीठ को 5 लाख की दान निधि प्रदान की है. उसी प्रकार डॉ. राजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा प्रदान 3 लाख की दान निधि से रसायनशास्त्र में प्रथम आने वाले विद्यार्थी को डॉ. देवीसिंह शेखावत स्वर्ण पदक दिया जाएगा. उसी प्रकार स्व. विष्णुपंत काशीकर स्मृति स्वर्ण पदक भी कॉमर्स के अव्वल छात्र को प्रदान किये जाने की जानकारी दी गई.

Back to top button