सफाई कामगारों की कमी पर भडकी पार्षद सुमती ढोके

स्वच्छता को लेकर आमसभा के बावजूद हालात जस के तस रहने का लगाया आरोप

* प्रभाग में 47 की बजाए केवल 17 से 18 सफाई कर्मी लगाए जाने का मामला किया उजागर
* सफाई ठेकेदार कोणार्क कंपनी व मनपा प्रशासन को जमकर लिया आडे हाथ
अमरावती/दि.5 – स्थानीय प्रभाग क्र. 20 सूतगिरणी-सामरा नगर में विगत पांच दिनों से साफ-सफाई के काम का जिम्मा संभाल रही नई ठेकेदार एजेंसी यानि कोणार्क कंपनी द्वारा 47 सफाई कामगारों को स्वच्छता संबंधी कामों में लगाने की बजाए केवल 17 से 18 सफाई कामगारों को ही काम पर लगाए जाने का आरोप क्षेत्र की पार्षद सुमती ढोके द्वारा लगाया गया. साथ ही उन्होंने मनपा प्रशासन को इसके लिए जमकर आडे हाथ लेते हुए जानना चाहा कि, अगर साफ-सफाई के मुद्दे को लेकर विगत 28 फरवरी को आमसभा लिए जाने के बाद भी यही स्थिति है, तो फिर साफ-सफाई को लेकर विशेष सभा बुलाए जाने तथा नए ठेकेदार की नियुक्ति किए जाने का फायदा ही क्या हुआ.
युवा स्वाभिमान पार्टी की ओर से प्रभाग क्र. 20 की पार्षद सुमती ढोके द्वारा इस पूरे मामले को लेकर जानकारी देते हुए बताया गया कि, मनपा प्रशासन ने कोणार्क कंपनी को पूरे शहर की साफ-सफाई हेतु दिए गह ठेके के बारे में विगत दिनों आयोजित मनपा की विशेष सभा में बताया था कि, प्रत्येक प्रभाग में कम से कम 47 सफाई कर्मी स्वच्छता संबंधी कामों के लिए लगाए जाएंगे. लेकिन इसके बाद ठेकेदार एजेंसी द्वारा प्रभाग क्र. 20 में पहले दिन 28, दूसरे दिन 24, तीसरे दिन 12, चौथे दिन 12 व आज पांचवें दिन केवल 18 सफाई मजदूर काम पर भेजे गए. इसमें भी खास बात यह रही कि, इन मजदूरों में नालियों की सफाई करनेवाले तथा मृत जानवरों के शव उठानेवाले एक भी कर्मचारी का समावेश नहीं था. साथ ही कचरा संकलन करने हेतु पुरानी घंटा गाडियों ही भेज दी गई. ऐसे में विगत पांच दिनों से सफाई कामगारों की आधी-अधूरी संख्या को देखते हुए पार्षद सुमती ढोके जमकर संतप्त हो गई. जिसके बाद उन्होंने मनपा के स्वच्छता विभाग के अधिकारियों से संपर्क करते हुए उन्हें खडे बोल सुनाए.
इस बारे में दैनिक ‘अमरावती मंडल’ को जानकारी देते हुए वायएसपी पार्षद सुमती ढोके ने बताया कि, आज 5 मार्च को प्रभाग क्र. 20 में कोणार्क कंपनी की ओर से सुपरवाइजर सतीश माहुरकर, प्रवीण लोणकर, आकाश पेठेकर, नीलेश शिंदे, चरण मेश्राम, ड्राइवर मंगेश सावदे, मनीष चव्हाण, कैलाश तायडे, संजय सोनवणे, विनोद मोरे, सुनील कटोलेकर तथा लेबर सूरज उईके, सतीश गवई, मधुकर भोगे, इटवा हिवराले, रमेश इंगोले, श्रीधर वाघमारे, शंकर हिवराले व रामदास हरणे ऐसे कुल 18-19 लोग ही काम पर हाजिर हुए थे. यह प्रभाग क्र. 20 के विस्तार के लिहाज से सफाई कामगारों की अपर्याप्त संख्या है. जिसके चलते प्रभाग क्र. 20 में सही ढंग से साफ-सफाई के काम ही नहीं हो पा रहे. जिसके चलते प्रभाग में साफ-सफाई के कामों को जल्द से जल्द सुधारे जाने की सख्त जरुरत है.

Back to top button