गोवंश चोरी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

3.32 लाख रुपये का माल जब्त, वाहन और मोबाइल भी बरामद

अमरावती/दि.19 – ग्रामीण क्षेत्र में गोवंश चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए अमरावती ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा ने वलगांव पुलिस थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 3 लाख 32 हजार 130 रुपये का माल जब्त किया है.
पुलिस के अनुसार 15 जनवरी 2026 को शिकायतकर्ता कुणाजी गुणवंता यावले (65, निवासी बेसखेडा, ता. वलगांव) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत से रात के समय अज्ञात चोरों ने तीन गायें चोरी कर लीं. इस पर वलगांव थाने में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था. जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की. जांच में सामने आया कि चोरी आरिश असलम पठाण (22, रा. आमनेर) ने अपने साथियों के साथ मिलकर की थी और वारदात में उपयोग किया गया वाहन भी वलगांव क्षेत्र में मौजूद है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपराध स्वीकार कर लिया. उसके साथी चेतन विनोद वानखेडे (25, रा. धनोडी, ता. वलगांव) को भी गिरफ्तार किया गया.
एलसीबी के दल ने इस कार्रवाई में अशोक लेलैंड 202 वाहन क्रमांक एमएच-40/सीडी-4340, 2 मोबाइल फोन तथा नकद 12,130 रुपए सहित कुल 3,32,130 रुपयों का माल जब्त किया. दोनों आरोपियों को मुद्देमाल सहित आगे की कार्रवाई के लिए वलगांव पुलिस के सुपुर्द किया गया है.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत के मार्गदर्शन एवं अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक किरण वानखेडे के नेतृत्व में पीएसआई नितीन इंगोले, पोहेकां सुनील महात्मे, सैयद अजमत, स्वप्नील तंवर, चालक पोहेकां मनोज ढवले तथा साईबर पुलिस स्टेशन के पुलिस कर्मी सागर धापड, अश्विन मानकर, रितेश गोस्वामी, विकास अंजीकर व शिव सिरसाट के पथक द्वारा की गई.

Back to top button