‘सीपी साहब, क्या शहर में अपराध बढे है?’

संपादक बने महापौर श्रीचंद तेजवानी ने पुलिस आयुक्त से पूछा सवाल

* सीपी राकेश ओला का संपादक के तौर पर महापौर तेजवानी ने लिया साक्षात्कार
* शहर में बढते अपराधों सहित अस्तव्यस्त यातायात व अतिक्रमण की समस्या पर किए प्रश्न
अमरावती/दि.20 – कल एक दिन के लिए ‘मंडल मीडिया हाऊस’ द्वारा संचालित दैनिक ‘अमरावती मंडल’, दैनिक ‘आपली मातृभूमि’ तथा ‘मंडल न्यूज’ के अतिथि संपादक की जिम्मेदारी संभालते हुए शहर के प्रथम नागरिक व महापौर श्रीचंद तेजवानी ने शहर पुलिस आयुक्त राकेश ओला से शहर की कानून व्यवस्था तथा शहर में बढते अपराधों के प्रमाण जैसे विषयों को लेकर बातचीत की और किसी धीर-गंभीर संपादक के की तरह महापौर श्रीचंद तेजवानी ने पुलिस आयुक्त राकेश ओला का बडे ही पेशेवर ढंग से साक्षात्कार लिया. मोबाईल पर हुई इस बातचीत की शुरुआत ही इस वाक्य से हुई कि, ‘सीपी साहब, नमस्कार, मैैं संपादक श्रीचंद तेजवानी बोल रहा हूं. आपके रहते इन दिनों अमरावती शहर में ये सब क्या हो रहा है और आप व आपकी पुलिस शहर में कानून व व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही अपराधों का प्रमाण कम करने के लिए क्या कर रहे हैं?’
महापौर के पर्सनल मोबाइल नंबर से आई कॉल पर इस आवाज और बात को सुनकर दो पल के लिए सीपी राकेश ओला भी भौंचक रह गए. लेकिन उन्होंने तुरंत ही हालात और बात का आकलन करते हुए महापौर श्रीचंद तेजवानी द्वारा पूछे गए सभी सवालों का बडे ही विस्तृत ढंग से जवाब दिया. गेस्ट एडिटर के रूप में महापौर श्रीचंद तेजवानी ने सबसे पहले शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठाया. उन्होंने पूछा कि बढ़ती यातायात समस्याओं को नियंत्रित करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं. इस पर पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने बताया कि, शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाने की योजना है. ऑटोमेटिक चालान प्रणाली लागू करने से वाहन चालकों में अनुशासन आएगा.
इस समय अतिथि संपादक के तौर पर महापौर श्रीचंद तेजवानी ने शहर में अव्यवस्थित पार्किंग और बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए उचित स्थान नहीं मिल पा रहा, जिससे अव्यवस्था बढ़ रही है. इस पर पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने जवाब दिया कि, महानगरपालिका और पुलिस विभाग मिलकर इस समस्या के समाधान के लिए काम कर रहे हैं. इस विषय पर बैठक लेकर जल्द ही ठोस निर्णय लिया जाएगा.
इन दोनों सवालों के बाद महापौर श्रीचंद तेजवानी ने पुलिस आयुक्त राकेश ओला से सीधे पूछा कि क्या शहर में अपराध बढ़ रहे हैं और इसे रोकने के लिए क्या रणनीति अपनाई जा रही है. इस पर आयुक्त राकेश ओला ने स्पष्ट कहा कि, शहर में अपराध बढ़े नहीं हैं, बल्कि पुलिस की सख्ती और सतर्कता के कारण नियंत्रण में हैं. असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है और अपराध रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है. साथ ही सीपी ओला ने यह भी कहा कि, विगत कुछ वर्षों की तुलना में इस वर्ष क्राईम डिटेक्शन का प्रमाण काफी अधिक बढ गया है और चूंकि पुलिस द्वारा समय रहते अपराधिक वारदातों को उजागर किया जा रहा है. जिसके चलते अपराधों को लेकर चर्चा काफी अधिक है. लेकिन अपराध और अपराधी पूरी तरह से नियंत्रण में है. अत: शहर के आम नागरिकों ने अपने जानोमाल की सुरक्षा को लेकर कोई चिंता नहीं करनी चाहिए.
इस बातचीत के दौरान पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने महापौर श्रीचंद तेजवानी को यह भी बताया कि, नागरिकों की शिकायतों के समाधान के लिए विशेष तक्रार निवारण कक्ष (ग्रिवांस सेल) शुरू किया गया है. पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है.
इस पूरे साक्षात्कार के दौरान महापौर श्रीचंद तेजवानी ने एक अनुभवी पत्रकार की तरह तीखे और सटीक सवाल किए. वहीं पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने भी शांत और स्पष्ट तरीके से जवाब देकर प्रशासनिक पक्ष सामने रखा. ‘गेस्ट एडिटर’ की भूमिका में महापौर श्रीचंद तेजवानी का यह प्रयोग न केवल रोचक रहा, बल्कि इससे यह भी स्पष्ट हुआ कि यदि जनप्रतिनिधि मीडिया की भूमिका में आकर सवाल करें, तो प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही और मजबूत होती है.

Back to top button