स्वर्णकारों को सीपी की सख्त ताकीद
व्यापक सीसीटीवी सर्विलांस और रात में अकेले माल लेकर न जाने की सावधानी बरतें

* तीन संगठनों ने किया राकेश ओला और अफसरान का सत्कार
* ज्वेलर से एक करोड की लूट का 48 घंटे में पर्दाफाश
अमरावती/दि.16 – अमरावती जिला स्वर्णकार संघ, श्री नरहरी मालवी सोनार संघ, सराफा व्यापारी एसो. के पदाधिकारियों संग आज पूर्वान्ह पुलिस आयुक्त सीपी राकेश ओला ने महत्वपूर्ण डिस्कशन करते हुए नाना प्रकार की सावधानी बरतने के निर्देश दिए. सीपी ओला ने स्पष्ट कहा कि, कीमती धातुओं, जेवरात का कारोबार करते समय अतिरिक्त सावधानी समय की दरकार है. अत: सोनार हो या सराफ सभी को व्यापक सीसीटीवी सर्विलांस अपने घर-दुकान और परिसर में लगाना ठीक रहेगा. उसी प्रकार रात-बेरात लाखों का माल लेकर जाते समय भी काफी होशियारी बरतना अथवा पुलिस को सूचित करना उचित रहेगा.
सीपी ओला ने उनका अभिनंदन करने पहुंचे उपरोक्त तीनों संगठनों के करीब 100 पदाधिकारियों से चोरी और लूटपाट रोकने के लिए व्यापक सावधानी की अपेक्षा व्यक्त की. संगठनों की ओर से पुलिस आयुक्त ओला के साथ ही डीसीपी और एसीपी के फूलों का गुलदस्ता देकर अभिनंदन किया गया. शहर पुलिस ने होशियारी और तत्परता से कठोरा रोड पर स्वर्णकार सुशांत शेरेकर के साथ हुई करीब एक करोड के गहनों की खुलेआम लूट का 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को दबोचा. उनसे माल भी रिकवर कर लिया गया. ऐसे में पुलिस आयुक्त ने सोना और चांदी का व्यापार करनेवाले सराफ, सोनार, कारीगरों को बरती जाती अतिरिक्त सावधानी के बारे में चर्चा की. कुछ सावधानी के टिप्स दिए.
इस समय नरहरी मालवी सोनार संघ के अध्यक्ष राजेश अनासाने, विनोद गुहे, नितिन खांडेकर, राजेंद्र धरमठोक, जिला स्वर्णकार संघ अध्यक्ष अजय तिनखेडे, सराफा व्यापारी एसो. अध्यक्ष राजेंद्र भंसाली, ऑल इंडिया सोनार संघ के नंदकिशोर गुंबले, राजेंद्र चिंचमलातपुरे, मंगेश नेरकर, प्रा. रवि प्रांजले सहित अनेक पदाधिकारी, सभासद मौजूद थे. पदाधिकारियों ने पुलिस की तत्परता की प्रशंसा करते हुए पुष्पगुच्छ से अभिनंदन किया, आभार व्यक्त किया.
* रेकी करता है तो
पुलिस आयुक्त ने अपनी बात स्पष्ट शब्दों में कही. उन्होंने अपनी बात को समझाने के अंदाज में कहा कि, कोई शख्स बार-बार घर या दुकान पर आता है, यहां-वहां देखता है, तो ध्यान रखे. वह शायद रेकी करनेवाला हो. सीपी ने अन्य कई बातों पर फोकस किया. उन्होंने कहा कि, सीसीटीवी का सर्विलांस अपने संपूर्ण परिसर में इस प्रकार करने कि, आने-जानेवाले सभी लोगों के चेहरे फुटेेज में साफ दिखाई दे सके. पुलिस आयुक्त ने कहा कि, कीमती मेटल का हम बिझनेस करते हैं तो हमें ही ध्यान रखना होगा. बचाव ही जानोमाल का सबसे सुरक्षित तरीका होता है.





