भुजबल के नाम से करोडों की वसूली

नाना पटोले का सदन में गंभीर आरोप

* आंध्र से घटिया माल मंगाकर अदला-बदल
मुंबई /दि.17- गडचिरोली जिले के बडे चावल व्यापारी ने प्रदेश के आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल के नाम पर राइस मिलर्स से करोडों की वसूली किये जाने का सनसनीखेज आरोप कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने आज विधानसभा में लगाया. उन्होंने व्यापारी का नाम आकाश अग्रवाल बताते हुए घोटाले में आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी लिप्त होने का आरोप किया. उन्होंने घोटाले की मोडस ऑपरेंडी सदन को बताकर सभी को हैरान कर दिया था.
नाना पटोले ने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि, उक्त व्यापारी के पास अरवा चावल तैयार करने की मशीनरी न होने पर भी कागजी प्रक्रिया पूर्ण कर कथित उधारी का चावल तैयार कर खेल किया जा रहा है. मामला ऐसा है कि, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से राज्य सरकार अच्छी क्वालिटी का चावल दुकानदारों को दे रही है. वह माल की अदला-बदली कर लोगों को आंध्र से आयातीत घटिया माल दिये जाने का आरोप नाना पटोले ने किया. पटोले के आरोपानुसार सरकारी राशन दुकानों से जो अच्छा माल दिया जाना है, उसे परस्पर व्यापारियों को मार्केट में दिया जा रहा है. पटोले ने आरोप किया कि, उक्त व्यापारी को दो बार रंगे हाथ पकडने के बावजूद आपूर्ति विभाग ठोस कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा.
पटोले ने आरोप लगाया कि, चावल की अदला-बदली के कारण कुपोषण से बच्चों को बाहर निकालने की सरकारी कोशिशों को भी पलीता लग रहा है. घटिया चावल बार-बार पॉलिश कर राशन दुकानों के मार्फत वितरीत किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि, तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने गोंदिया के जिला आपूर्ति अधिकारी आगले के भ्रष्टाचार के कारण तबादले के आदेश दिये थे. मंत्रालय के कुछ बडे अधिकारियों ने इस आदेश को कचरे की टोकरी में डाल दिया. आगले को उसी जगह दूसरी जिम्मेदारी दी गई. पटोले ने आरोप लगाया कि, घटिया अनाज के कारण गोंदिया और गढचिरोली में कुपोषण का प्रमाण बढा है.

Back to top button