डीसीएम शिंदे ने दिया कडू को श्रेय

मामला किसान कर्जमाफी का

* टेलिफोन पर हुई बातचीत
अमरावती /दि.10 – किसानों के 2 लाख रुपए तक के कर्ज माफ करने की घोषणा देवेंद्र फडणवीस सरकार ने पिछले सप्ताह बजट प्रस्तुत करते हुए कर दी. इस घोषणा का महिनों से इंतजार किया जा रहा था. महायुति ने अपने चुनावी घोषणापत्र में भी वादा किया था. अब कर्जमाफी की प्रत्यक्ष घोषणा उपरांत इसका श्रेय पूर्व मंत्री और प्रहार के सर्वेसर्वा ओमप्रकाश उर्फ बच्चू कडू को दिया जा रहा है. स्वयं उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने बच्चू कडू के गत दिसंबर में नागपुर सत्र दौरान किए गए तीव्र आंदोलन के कारण कर्जमाफी होने की बात कही है. शिंदे के दावे से बीजेपी के पदाधिकारी स्वाभाविक रुप से असहज हो गए हैं. किंतु सोमवार को भी डीसीएम शिंदे की बच्चू कडू के साथ फोन पर हुई बातचीत में शिंदे द्वारा ऐसा कहे जाने का दावा किया जा रहा है.
बच्चू कडू मेलघाट के आदिवासियों के हित में 250 किमी लंबी पदयात्रा कर रहे. उनसे बातचीत करने और आंदोलन रोकने के लिए मुंबई से खास तौर पर प्रदेश के उद्योग मंत्री उदय सामंत पहुंचे. सामंत ने बच्चू कडू की डीसीएम एकनाथ शिंदे से फोन पर वार्ता करवाई. इस बातचीत में डीसीएम शिंदे ने कडू से कहा कि, उनके कहने पर और मांग के अनुरुप किसानों की कर्जमाफी हो गई है. यह कहते हुए डीसीएम शिंदे ने कडू को अपना आंदोलन पीछे लेने का अनुरोध किया. जिसे कडू द्वारा मान्य किए जाने का समाचार है.

Back to top button