अग्निदग्धा की हुई मौत

पूजा के लिए दिया जलाते समय साडी में लगी थी आग

अमरावती/दि.19 – स्थानीय दशहरा मैदान के पास स्थित वसंतराव नाईक नगर में रहनेवाली मंदा राजेश इंगोले (46) नामक महिला विगत 4 फरवरी की सुबह 7 बजे के आसपास पूजा-अर्चना हेतु दिया जलाते समय साडी में आग लग जाने के चलते बुरी तरह से झुलसकर घायल हो गई थी. जिसे इलाज हेतु जिला सामान्य अस्पताल से नागपुर के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां पर उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. इससे संबंधित जानकारी एवं दस्तावेज मिलते ही राजापेठ पुलिस ने बीएनएस की धारा 194 के तहत आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है.
इस संदर्भ में पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक विगत 4 फरवरी को सुबह 7 बजे मंदा इंगोले रोजाना की तरह नहाने-धोने के बाद अपने घर में बने मंदिर के पास पूजा-अर्चना करने हेतु पहुंची और उसने देव पूजन व आरती के लिए दिया जलाया. इस समय गलती से मंदा इंगोले की साडी के पल्लू में दिये की लव से आग लग गई और वह बुरी तरह आग की लपटों में घिर गई. इस समय मंदा इंगोले द्वारा सहायता हेतु की गई चीख-पुकार को सुनकर उसका पति राजेश इंगोले तुरंत ही दौडता-भागता पहुंचा और उसने जैसे-तैसे आग को बुझाया तथा बुरी तरह से झुलसी मंदा इंगोले को इलाज हेतु जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां से उसे नागपुर के मेडिकल हॉस्पिटल में रेफर किया गया, परंतु 8 फरवरी को मंदा इंगोले की नागपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई. जिसकी जानकारी अजनी पुलिस द्वारा स्थानीय राजापेठ पुलिस को दी गई. इसके आधार पर राजापेठ पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज करते हुए मामले की जांच-पडताल करनी शुरु की है.

Back to top button