हैदरपुरा मनपा दवाखाने में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग

नगरसेवक मोहम्मद रेहान उर्फ भल्ला ने स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

अमरावती /दि.9 – महानगरपालिका के हैदरपुरा स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर प्रभाग क्रमांक 16 अलीमनगर के नगरसेवक मोहम्मद रेहान उर्फ भल्ला ने मनपा के आरोग्य अधिकारी को लिखित शिकायत देकर तात्कालिक सुधार की मांग की है. नगरसेवक मो. रेहान ने कहा कि हैदरपुरा स्थित महानगरपालिका दवाखाने में बड़ी संख्या में नागरिक उपचार के लिए आते हैं, लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
वंचित बहुजन आघाडी की ओर से निर्वाचित पार्षद मो. रेहान ने अपनी शिकायत में बताया कि दवाखाने में दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध नहीं रहता, जिससे मरीजों का पूरा इलाज नहीं हो पाता. उन्होंने मांग की कि मरीजों की आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए. इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की जांच फिलहाल सप्ताह में केवल एक दिन ही की जाती है, जबकि क्षेत्र में मरीजों की संख्या अधिक है. इसलिए गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए सप्ताह में कम से कम दो दिन निर्धारित किए जाने की मांग की गई है.
नगरसेवक मो. रेहान ने यह भी बताया कि दवाखाने में रक्त जांच की सुविधा भी सप्ताह में केवल एक दिन उपलब्ध है. नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे सप्ताह में कम से कम तीन दिन शुरू किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि दवाखाने में महिला मरीजों की संख्या अधिक होने के बावजूद पर्याप्त स्टाफ नहीं है. ऐसे में जांच प्रक्रिया को सुचारू और तेज बनाने के लिए एक अतिरिक्त नर्स की नियुक्ति की जानी चाहिए.
नगरसेवक मोहम्मद रेहान ने एक अन्य गंभीर मुद्दा उठाते हुए कहा कि दवाखाने में मरीजों की जांच से पहले आधार कार्ड अनिवार्य रूप से मांगा जाता है. आधार कार्ड न होने पर मरीजों के इलाज में देरी होती है, जबकि अन्य मनपा दवाखानों या सरकारी अस्पतालों में ऐसा कोई नियम लागू नहीं है. उन्होंने इसे मनमानी बताते हुए इस व्यवस्था को तत्काल बंद करने और किसी भी मरीज को कागजी प्रक्रिया के कारण इलाज से वंचित न रखने की मांग की. उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें.

Back to top button