अभय योजना लागू करने की मांग, 23 मार्च से आंदोलन की चेतावनी

चांदूर बाजार/दि.9 – नगर परिषद क्षेत्र में अभय योजना लागू करने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता मोन्टू उर्फ मुंतजीर खान ने राज्य सरकार को निवेदन सौंपा है. इस संबंध में उन्होंने महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को पत्र लिखकर योजना जल्द लागू करने की मांग की है.
ज्ञापन में बताया गया है कि महाराष्ट्र शासन की महत्वपूर्ण अभय योजना के तहत नगरपालिकाओं में नागरिकों के बकाया करों (पानी और संपत्ति कर) पर लगने वाले ब्याज को माफ किया जाता है. इससे कई वर्षों से लंबित कर की वसूली आसान होती है और नागरिकों को बढ़ते चक्रवृद्धि ब्याज से राहत मिलती है. साथ ही नगर परिषद के राजस्व में वृद्धि होकर शहर के विकास कार्यों के लिए धन उपलब्ध हो सकता है. मोन्टू खान ने कहा कि राज्य की कई नगरपालिकाओं में यह योजना लागू है, लेकिन चांदूर बाजार नगर परिषद में अभी तक इसे लागू नहीं किया गया है. इसलिए शासन से इसे जल्द शुरू करने की मांग की गई है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर चांदूर बाजार नगर परिषद क्षेत्र में अभय योजना लागू नहीं की गई, तो वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ 23 मार्च को सुबह 11 बजे नगर परिषद के मुख्य द्वार के सामने जलत्याग और अन्नत्याग आंदोलन शुरू करेंगे. यह आंदोलन बिना पंडाल या छत के खुले में किया जाएगा और योजना लागू होने तक जारी रहेगा. इस संबंध में ज्ञापन की प्रति अमरावती के जिलाधिकारी, चांदूर बाजार के तहसीलदार, नगर परिषद के मुख्याधिकारी और पुलिस स्टेशन को भी भेजी गई है. इस दौरान संतोष महात्मे सहित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी भी उपस्थित थे. आंदोलन की चेतावनी के बाद अब प्रशासन की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर नागरिकों की नजर टिकी हुई है.

Back to top button