लव जिहाद’ पर सख्त कानून की मांग से हलचल
सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने राज्य अनुमति से धर्मांतरण का प्रस्ताव रखा

पुणे/दि.21 – पुणे जिले के भिगवण में सामने आए एक प्रेम प्रकरण के बाद ‘लव जिहाद’ को लेकर सियासत तेज हो गई है. इस बीच भाजपा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने राज्य सरकार से सख्त कानून बनाने की मांग की है. उन्होंने दावा किया कि लव जिहाद संगठित अपराध है और धर्मांतरण केवल राज्य की अनुमति से ही होना चाहिए.
जानकारी के मुताबिक भिगवण में एक युवती के परिजनों ने अपहरण और ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाया है, जबकि युवती ने अपनी मर्जी से युवक के साथ जाने की बात कही है. मामला सामने आने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं. जिसके तहत सांसद डॉ. बोंडे ने आरोप लगाया कि झूठी पहचान, प्रलोभन और ब्लैकमेलिंग के जरिए लड़कियों को फंसाकर शादी की जाती है. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उन्होंने राज्यसभा में निजी विधेयक भी प्रस्तुत किया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ संगठित नेटवर्क के माध्यम से युवतियों को निशाना बनाया जाता है और इस पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है.
भाजपा सांसद डॉ. बोंडे ने कहा कि अंतरधार्मिक विवाह यदि स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत हो, तो भी यदि विवाह से पहले या बाद में धर्मांतरण किया जाता है, तो इसके लिए राज्य सरकार की पूर्व अनुमति अनिवार्य की जानी चाहिए. उनका कहना है कि अभिभावकों को सूचना देना भी आवश्यक होना चाहिए. उन्होंने मांग की कि यदि झूठी पहचान, प्रलोभन या ब्लैकमेलिंग के माध्यम से विवाह कराया जाता है, तो दोषियों को कम से कम दस वर्ष के कठोर कारावास की सजा का प्रावधान किया जाए और कानून का सख्ती से पालन हो.
सांसद डॉ. बोंडे के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है. विभिन्न दलों की ओर से इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.





