प्रभाग क्रमांक 6 में सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग

20 अतिरिक्त श्रमिक नियुक्त करने नगरसेविका रेखा तायवाडे ने निगमायुक्त को सौंपा पत्र

अमरावती/दि.10- अमरावती मनपा के प्रभाग क्रमांक 6 में बढ़ते कचरे और सफाई की समस्या को देखते हुए अतिरिक्त श्रमिकों की नियुक्ति की मांग की गई है. इस संबंध में प्रभाग की नगरसेविका रेखा पंजाबराव तायवाडे ने मनपा के आयुक्त एवं चिकित्सा अधिकारी (स्वच्छता विभाग) को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है.
पत्र में बताया गया है कि नए चुनावी ढांचे के अनुसार विलासनगर, मोरबाग और गवलीपुरा क्षेत्र प्रभाग क्रमांक 6 में शामिल किए गए हैं. इस क्षेत्र में इतवारा बाजार, लोहा बाजार, कड़बी बाजार, मटन मार्केट सहित कई प्रमुख बाजार स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेता, ठेला चालक और व्यापारी कारोबार करते हैं. इसके कारण यहां रोजाना भारी मात्रा में कचरा उत्पन्न होता है और कई जगह नालियां भी जाम रहती हैं.
नगरसेविका ने सुझाव दिया है कि कोणार्क कंपनी के माध्यम से 20 अतिरिक्त सफाई श्रमिकों की नियुक्ति की जाए, ताकि इन बाजार क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी सफाई हो सके. साथ ही रात्रिकालीन कचरा संकलन के लिए एक बेल गाड़ी (कचरा वाहन) और नालियों व बाजार से कचरा उठाने के लिए एक तिपहिया वाहन उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है. उन्होंने कहा कि यदि इन सभी श्रमिकों और मशीनों को कोनार्क कंपनी के साथ चल रहे अनुबंध में शामिल किया जाता है, तो बाजार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को सुविधा मिलेगी. इससे बाजार क्षेत्रों में अस्वच्छता की समस्या भी कम होगी. नगरसेविका रेखा तायवाडे का मानना है कि सफाई व्यवस्था में सुधार होने से व्यापारी वर्ग और नागरिकों के बीच नगर निगम के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा. उन्होंने प्रशासन से इस प्रस्ताव पर विचार कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.

Back to top button