मुफ्त की दारु मांगकर 100 रुपए छीने, जान से मार देने की धमकी भी दी

अमरावती/दि.19 – स्थानीय माया नगर परिसर में एमआईडीसी के पास स्थित देशी दारु की दुकान में काम करनेवाले श्याम वसंतराव चावरे (60) से परिसर में ही रहनेवाले बादल किशोर लुंड (27) ने पहले तो मुफ्त में शराब मांगी और मना करने पर 100 रुपए छिनने के साथ ही जान से मार देने की धमकी भी दी. राजापेठ पुलिस मामले की जांच कर रही है.
शिकायत के मुताबिक श्याम चावरे हमेशा की तरह 27 फरवरी की शाम 6 बजे देशी दारु की दुकान में काम कर रहा था, तभी वहां पर बादल लुंड पहुंचा और उसने देशी दारु के 5 क्वॉर्टर मांगे. जिसकी ऐवज में पैसे मांगने पर बादल लुंड अश्लील गाली-गलौज करने के साथ ही ‘मेरे को पहचानता नहीं क्या?’ कहकर धमकाने लगा और बिना पैसे दिए ही शराब की बोतले ले जाने का प्रयास भी करने लगा. ऐसा करने से रोकने पर बादल लुंड ने श्याम चावरे के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उसकी जेब से 100 रुपए छीन लिए और उसे जान से मार देने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया. श्याम चावरे द्वारा दर्ज कराई गई इस शिकायत के आधार पर राजापेठ पुलिस ने बीएनएस की धारा 308 (4), 351 (3) व 352 तथा फौजदारी संशोधित अधिनियम की धारा 7 के तहत अपराधिक मामला दर्ज करते हुए जांच करनी शुरु की है.





