क्रेडिट संस्थानों में जमा राशि सुरक्षित होगी, सरकार लाएगी बीमा कवर योजना
1 अप्रैल से लागू होने की संभावना

* अमरावती जिले के 324 संस्थानों को मिलेगा लाभ
अमरावती/दि.26 – अमरावती जिले सहित पूरे राज्य के सहकारी क्रेडिट संस्थानों में जमा राशि की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. स्थिरीकरण एवं तरलता सहायता निधि योजना के तहत अब जमाकर्ताओं की जमा राशि को बीमा सुरक्षा प्रदान करने का प्रस्ताव है. यह योजना 1 अप्रैल 2026 से लागू किए जाने की संभावना है.
अमरावती जिले में वर्तमान में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों सहित 324 से अधिक क्रेडिट संस्थान कार्यरत हैं, जिनमें हजारों जमाकर्ताओं के करोड़ों रुपये जमा हैं. राज्य स्तर पर यह संख्या करीब 20 हजार संस्थानों तक पहुंचती है, जहां लगभग 91 हजार करोड़ रुपये की जमा राशि है.
हाल के दिनों में कुछ क्रेडिट संस्थानों में अनियमितताओं और धोखाधड़ी के मामलों के सामने आने से जमाकर्ताओं में असुरक्षा की भावना बढ़ गई थी. इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह योजना तैयार की है, जिससे जमाकर्ताओं का विश्वास कायम रखा जा सके.योजना के तहत जो क्रेडिट संस्थान इसमें भाग लेंगे, उन्हें ही बीमा कवर का लाभ मिलेगा. इसके लिए राज्य सरकार प्रमुख बीमा कंपनियों से प्रस्ताव आमंत्रित कर रही है. साथ ही, संकट के समय संस्थानों को तरलता सहायता भी प्रदान की जाएगी, जिससे वित्तीय स्थिरता बनी रहे.जिले में हाल ही में तीन क्रेडिट संस्थानों में गड़बड़ी के मामले सामने आए थे, जिन पर प्रशासन ने कार्रवाई भी की है. इस पृष्ठभूमि में यह योजना और अधिक महत्वपूर्ण मानी जा रही है. प्रशासन के अनुसार, योजना के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अप्रैल 2026 से इसे लागू करने की दिशा में कार्य तेजी से जारी है. इस योजना के लागू होने से सहकारी क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही जमाकर्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.





