डिप्टी सीएम शिंदे की राज ठाकरे के साथ हुई बंद द्वार चर्चा
दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद बड़ी राजनीतिक हलचल के संकेत

मुंबई /दि.18- महाराष्ट्र की राजनीति में अहम हलचल देखने को मिली, जब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके शासकीय निवास नंदनवन पर मुलाकात की. मुलाकात के दौरान शिंदे ने ठाकरे का स्वागत व सत्कार किया, जिसके बाद दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में लंबी बातचीत हुई. मुंबई महानगरपालिका चुनाव के बाद दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने बैठक मानी जा रही है. चुनाव के दौरान दोनों दल अलग-अलग मैदान में थे और प्रचार सभाओं में मनसे की ओर से महायुति सरकार पर तीखे हमले भी किए गए थे. ऐसे में अचानक हुई इस मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है.
सूत्रों के अनुसार बातचीत में संभावित रूप से आगामी चुनावी रणनीति, मुंबई की राजनीतिक स्थिति, मराठी मतदाताओं का समीकरण, भविष्य में संभावित सहयोग जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ. हालांकि दोनों नेताओं की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. उल्लेखनीय है कि, हालिया महापालिका चुनाव में मनसे को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी. इसके बाद ठाकरे का शिंदे से मिलना नए राजनीतिक समीकरणों की शुरुआत माना जा रहा है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह केवल शिष्टाचार भेंट नहीं बल्कि आने वाली राजनीतिक रणनीति का संकेत हो सकता है. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में इस मुलाकात के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में कौन-सा नया मोड़ देखने को मिलता है.





