जिलास्तरीय दिव्यांग क्रीडा स्पर्धा का सीईओ महापात्रा के हाथों उद्घाटन
स्पर्धा में 400 स्पर्धक और 150 कर्मचारी हुए शामिल

* हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल के मैदान पर आयोजन
अमरावती/दि.21 – अमरावती जिले के दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीता महापात्रा के हाथों उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. यह दो दिवसीय प्रतियोगिता 19 से 20 फरवरी को जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी ज्ञानबा पुंड के मार्गदर्शन में जिला दिव्यांग सशक्तिकरण कार्यालय, जिला परिषद अमरावती द्वारा आयोजित की गई है. उद्घाटन समारोह की शुरुआत छत्रपति शिवाजी महाराज, लुईस ब्रेल तथा हेलन केलर की प्रतिमाओं के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुई. इसके पश्चात मुख्य कार्यकारी अधिकारी महापात्रा ने खेल ज्योति प्रज्वलित कर एवं हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया. यह प्रतियोगिता हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल के मैदान पर आयोजित की जा रही है. इसमें जिलेभर से अस्थि दिव्यांग, दृष्टिबाधित, श्रवण बाधित, बौद्धिक दिव्यांग एवं बहुविकलांग श्रेणी के लगभग 400 खिलाड़ी तथा 150 कर्मचारी सहभागी हुए हैं.
विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा.अपने संबोधन में संजीता महापात्रा ने ‘सुगम दिव्यांग अभियान’ के अंतर्गत जिले की सभी शासकीय इमारतों को दिव्यांगजनों के लिए सुलभ बनाने का संकल्प व्यक्त किया. उन्होंने बताया कि आगामी वित्तीय वर्ष में आवश्यक प्रावधान कर शासकीय व्यवस्था में अधिक सुलभता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा. इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं. साथ ही विद्यार्थियों को आईस्क्रीम का वितरण भी किया गया. कार्यक्रम का संचालन जीवन गोरे ने किया, प्रास्ताविक ज्ञानेश्वर आमले ने प्रस्तुत किया तथा आभार प्रदर्शन ज्ञानबा पुंड ने किया. प्रतियोगिता की सफलता के लिए अरविंद राऊत, उमेश धुमाले, शिशिर महापात्रा, आशिष चुनडे, पंकज मुदगल सहित दिव्यांग संस्थाओं के कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.





