जिलाधीश और मनपा आयुक्त ने नागरिकों को किया हीट वेव से आगाह

पश्चिम विदर्भ देश में सबसे हॉट, मार्च में ही अमरावती 41 पार

* सरकार ने जारी की खबरदारी की सूचना
अमरावती /दि.7- पश्चिम विदर्भ के सभी जिले इस समय देश के सबसे गर्म क्षेत्र के रुप में दर्ज किये जा रहे हैं. मार्च महीने के प्रथम सप्ताह में ही अमरावती का पारा हाल के वर्षों का नया रिकॉर्ड बनाते हुए 41 डिग्री सेल्सिअस पार कर गया है. जिससे शासन प्रशासन ने नागरिकों को आगाह किया है. हीट वेव की आशंका देखते हुए सभी प्रकार की सावधानी बरतने का आवाहन जिलाधीश आशीष येरेकर ने आज दोपहर जारी बयान में किया. उधर प्रादेशिक मौसम केंद्र नागपुर ने अगले सप्ताह गर्मी और बढने तथा आसमान से आग बरसने की आशंका जतायी है. इस बीच भीषण गर्मी से बचाव के लिए लोगबाग उपाय में लग गये हैं. बहुत जरुरी काम रहने पर ही घरों से बाहर निकला जा रहा है. मौसम विशेषज्ञ प्रा. अनिल बंड ने बताया कि, अचानक बढी गर्मी से आने वाले दिनों में बेमौसम बारिश की संभावना राज्य के कुछ हिस्सों में देखी जा रही है. अत: खेतीबाडी करने वाले अपना नियोजन उस दृष्टि से कर लेने का आवाहन प्रा. डॉ. बंड ने किया.
* मारे गर्मी के बुरा हाल
अकोला 40 तो अमरावती 41 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ देश में सबसे गर्म रहने का दावा किया जा रहा है. इतना ही नहीं तो मार्च में ही पारा 42 डिग्री को पार हो जाने की संभावना प्रादेशिक मौसम विभाग ने व्यक्त की है. जिससे मारे गर्मी के कारण लोगों का हाल बुरा हो रहा है.
* कूलर्स, एसी के ऑर्डर्स भरपूर
इस बीच प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स विक्रेता केडिया मॉल, निखिल इंटरप्राइजेस, मॉडर्न ट्रेडिंग सेंटर, मुरली इलेक्ट्रॉनिक्स, पूनम इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालकों ने दावा किया कि, तापमान बढते ही रुम कूलर्स, डेजर्ट कूलर्स, एसी की ऑडर्स बढ गई है. इसी प्रकार रेफ्रीजेटर की भी मांग बढ गई है. हाथोंहाथ डिलेवरी के लिए ग्राहक जोर दे रहे हैं. यह सब गर्मी आ धमकने का नतीजा है. उल्लेखनीय है कि, अमरावती के लोग भी अब बडे शहरों की तरह रुम कूलर्स की खरीदी पर जोर दे रहे हैं. मार्केट में विभिन्न अग्रणी कंपनियों की व्यापक रेंज रुम कूलर्स की रहने की जानकारी नीरज केडिया ने दी.
* देश मेें पश्चिम विदर्भ हॉट
प्रादेशिक मौसम विभाग ने बताया कि, शनिवार को अकोला का अधिकतम पारा 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा. आज वह 41 डिग्री को पार कर गया. ऐसा ही तापमान वाशिम और वर्धा में भी दर्ज किया गया है. अमरावती 41.2 डिग्री के साथ लगातार हॉट हो रहा है. यवतमाल में 39.5 तो बुलढाणा में 38.5 डिग्री तापमान रहने की जानकारी प्रादेशिक मौसम केंद्र ने दी. उन्होंने बताया कि, देश मेें पश्चिम विदर्भ का क्षेत्र सबसे गर्म रहा है. लोगों की दिनचर्या में बदलाव हुआ है. सुबह-सवेरे का काम तेजी से पूर्ण किये जा रहे हैं. उधर मौसम विभाग का कहना है कि, आने वाले दिनों में एक-दो डिग्री पारा अधिक चढ सकता है. इसलिए आवश्यक सावधानी बरती जाये.

* जिलाधीश ने किया सावधान
जिलाधीश आशीष येरेकर ने चढते पारे और संभावित हीट वेव के मद्देनजर जिले के लोगों को सावधानी बरतने का आवाहन किया है. कलेक्टर ने कहा कि, दोपहर 12 से 4 बजे दौरान धूप में निकलना टालें, भरपूर पानी पीये, हलके सूती कपडे पहने, बाहर जाते समय टोपी छाता या गीले कपडे से सिर को ढंके, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें, उष्माघात का अंदेशा होते ही डॉक्टर्स को बताये, अपने मवेशी और पशुओं को भी छांव में रखें.

Back to top button