जनता दरबार में मुद्रांक जिलाधिकारी अनिल औतकर ने किया मार्गदर्शन

महापौर श्रीचंद तेजवानी का हुआ सत्कार

अमरावती/दि.14 – अमरावती जिले के पालकमंत्री तथा महाराष्ट्र के महसूल मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के निर्देशानुसार जिलास्तर पर जनसंवाद एवं जनता दरबार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि संबंधित विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके. इसी क्रम में पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग के जिलाधिकारी अनिल औतकर के मार्गदर्शन में 14 फरवरी को जनसंवाद/जनता दरबार का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता अमरावती शहर के प्रथम नागरिक एवं महापौर श्रीचंद तेजवानी ने की. प्रमुख अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी (राजस्व) विवेक जाधव, उपविभागीय अधिकारी अनिल भटकर तथा तहसीलदार विजय लोखंडे उपस्थित थे. कार्यक्रम की शुरुआत महापौर श्रीचंद तेजवानी एवं अन्य मान्यवरों के स्वागत एवं सत्कार से हुई. प्रास्ताविक में विवेक जाधव ने महाराष्ट्र शासन द्वारा तुकडेबंदी अधिनियम में किए गए संशोधन (सुधारणा कानून 2025) की पृष्ठभूमि और उद्देश्य पर प्रकाश डाला.
सरकार द्वारा 15 नवंबर 1965 से 15 अक्टूबर 2024 तक प्रमाणभूत क्षेत्र से कम भूमि हस्तांतरण को नियमानुसार वैध करने का निर्णय लिया गया है. इस अधिसूचना के क्रियान्वयन में नागरिकों को आ रही समस्याओं के समाधान हेतु यह जनता दरबार आयोजित किया गया. महापौर श्रीचंद तेजवानी ने शासन के इस उपक्रम की सराहना करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों से इसका लाभ लेने का आवाहन किया. कार्यक्रम के दौरान कई नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शंकाएं रखीं. मुद्रांक जिल्हाधिकारी अनिल औतकर ने सभी प्रश्नों का समाधान करते हुए नागरिकों को शासन की योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम का संचालन सारिका भेंडे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सह दुय्यम निबंधक तथा विवाह अधिकारी सुनील वाडेवाले ने किया. आयोजन की सफलता के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विशेष प्रयास किए. जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों और मान्यवरों की उपस्थिति रही.

Back to top button