रानीघाट हादसे के घायलों से जिलाधिकारी ने की मुलाकात

मुफ्त इलाज के संबंधितों को दिए निर्देश

* जिला पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद भी रहे मौजूद
अमरावती/दि.23 – धारणी तहसील के रानीघाट क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में घायल पांच लोगों को जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आशिष येरेकर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उपचार की जानकारी ली. उन्होंने चिकित्सकों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
इस दौरान विशाल आनंद (जिला पुलिस अधीक्षक) तथा जिला शल्यचिकित्सक डॉ. विनोद पवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे. हादसे में अर्चना दारासिंगे (कंजोली), गेरुबाई देवळे (मोताखेड), रिता राठोड (सिनबंद), देवा धांडे (कंजोली), मुनी दहीकर (कंजोली) और विकेश दहीकर (सालाई), सभी तहसील धारणी निवासी, को उपचार हेतु जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती किया गया. इनमें से रिता राठोड का आज सुबह उपचार के दौरान निधन हो गया. जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम दुर्घटना कक्ष में भर्ती मुनी दहीकर से मुलाकात कर परिजनों से हादसे की जानकारी ली. उन्होंने पूछा कि दुर्घटना किस प्रकार हुई, वाहन में कितने यात्री सवार थे तथा दुर्घटना का कारण क्या था. इसके बाद उन्होंने गर्भवती महिला अर्चना दाराशिंबे से भेंट कर चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मां और शिशु दोनों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए तथा पूर्ण स्वस्थ होने के बाद ही अस्पताल से छुट्टी दी जाए. शल्य चिकित्सा कक्ष में दो घायलों का ऑपरेशन जारी है. वहां भी जिलाधिकारी ने परिजनों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, रानीघाट दुर्घटना के लिए वाहन चालक की लापरवाही जिम्मेदार बताई जा रही है. बताया गया कि वाहन की स्थिति ठीक न होने के बावजूद उसमें क्षमता से अधिक माल और यात्री भरे गए थे तथा चलते वाहन में खराबी आने से यह हादसा हुआ, जिसमें पांच लोगों की मृत्यु हो चुकी है.

* निजी चिकित्सकों की भी ले सहायता
जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने निर्देश दिए कि सभी घायलों का निशुल्क उपचार किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर निजी चिकित्सकों की सेवाएं भी ली जाएं. उन्होंने घायलों व परिजनों से उपचार में सहयोग करने की अपील की. साथ ही मेलघाट क्षेत्र में दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद को दिए.

 

Back to top button