‘रिफार्म’ में दिवेश अग्रवाल अध्यक्ष व डॉ. राजेश जवादे सचिव निर्वाचित
बेहद रोमांचक व कांटे की टक्कर वाला रहा रिफार्म क्लब का चुनाव

* दिवेश अग्रवाल के प्रोग्रेसिव पैनल ने हासिल की शानदार जीत
* खुद दिवेश अग्रवाल ने अध्यक्ष पद के चुनाव में हासिल की सफलता
* प्रोग्रेसिव पैनल के 6 प्रत्याशी भी सदस्य पदों पर हुए निर्वाचित
* रिफार्म्स के यूनिटी पैनल के डॉ. राजेश जवादे ने सचिव पद का चुनाव जीता
* यूनिटी पैनल के 3 प्रत्याशियों ने भी सदस्य पदों पर जीत की हासिल
* रिफार्म्स क्लब में दोनों पक्षों की लगभग मिली-जुली ‘सरकार’ स्थापित
* 1045 में से 685 मतदाताओं ने लिया मतदान प्रक्रिया में हिस्सा, 65.55 फीसद हुआ मतदान
* देर शाम तक चले मतदान के बाद रातभर हुई मतगणना, आज सुबह 6 बजे चुनावी नतीजे हुए घोषित
* चुनाव में विजयी प्रत्याशियों का रिफार्म्स के सभी सदस्यों ने किया अभिनंदन
अमरावती/दि.23 – शहर के सुपरिचित रिफार्म क्लब के चुनाव कल रविवार, 22 फरवरी को हुआ चुनाव बेहद रोमांचक एवं कांटे की टक्कर वाला साबित हुआ. जिसमें अध्यक्ष पद सहित 6 सदस्य पदों पर रिफार्म क्लब प्रोग्रेसिव पैनल के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की. वहीं सचिव पद सहित 3 सदस्य पदों पर रिफार्म यूनिटी पैनल के प्रत्याशी विजयी रहे. जिसके चलते जहां एक ओर इस चुनाव में प्रोग्रेसिव पैनल का पलडा भारी रहा, वहीं दूसरी ओर यूनिटी पैनल ने भी सचिव पद सहित 3 सदस्य पदों पर जीत हासिल कर रिफार्म्स क्लब की सत्ता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की. जिसके चलते अब रिफार्म्स क्लब में दोनों पैनलों की लगभग मिली-जुली ‘सरकार’ बनने जा रही है.
बता दें कि, शहर के प्रतिष्ठित एवं संभ्रांत लोगों का सशक्त मंच रहनेवाले कैम्प परिसर स्थित रिफार्म्स क्लब की कार्यकारिणी में अध्यक्ष व सचिव सहित 9 कार्यकारी सदस्य पदों का समावेश रहता है और इस क्लब के अध्यक्ष व सचिव सहित कार्यकारिणी सदस्यों का चयन लोकतांत्रिक पद्धती से मतदान कराते हुए किया जाता है. जिसके तहत विगत दिनों ही रिफार्म्स क्लब में नई कार्यकारिणी का चयन करने हेतु चुनाव कराए जाने की घोषणा की गई थी और कल रविवार 22 फरवरी को रिफार्म्स क्लब की चुनावी सभा का आयोजन किया गया था. वहीं क्लब के चुनाव को देखते हुए अध्यक्ष पद के दावेदार दिवेश अग्रवाल के नेतृत्व में प्रोग्रेसिव पैनल व धनंजय बंड के नेतृत्व में रिफार्म्स यूनिटी पैनल ने सचिव एवं व्यवस्थापन समिति सदस्य पदों के लिए अपने प्रत्याशी घोषित किए थे. जिसके तहत प्रोग्रेसिव पैनल की ओर से सचिव पद हेतु शरद चुटके एवं व्यवस्थापन समिति सदस्य पद हेतु रमेश आसनानी, नितिन चेंडूलकर, डॉ. अश्विनीकुमार देशमुख, महेश केवलरामानी, हेमंत लड्ढा, डॉ. संचिता पांडे-देशमुख, सारंग राऊत, अनिल विखे व डॉ. अतुल यादगिरे को चुनावी मैदान में उतारा गया था. वहीं दूसरी ओर रिफार्म्स यूनिटी पैनल ने सचिव पद हेतु डॉ. राजेश जवादे एवं व्यवस्थापन समिति सदस्य पदों हेतु पुरुषोत्तम बजाज, राहुल चड्ढा, अंगद देशमुख, कैलास गिरोलकर, रवींद्र महल्ले, कैलास पडालकर, अमन तलडा, भरत तसरे व डॉ. राजेश उताणे को प्रत्याशी बनाया था. जिसके चलते रिफार्म्स क्लब की 11 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए चुनावी मैदान में कुल 22 प्रत्याशी थे.
गत रोज सुबह के समय आमसभा का आयोजन कर सदन के पटल पर चुनाव का विषय रखते हुए सभी सदस्यों को अपना-अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया. जिसके बाद दोपहर 12 बजे से चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हुई. जो शाम करीब 5 बजे तक चलती रही. इस समय जिला वकील संघ के अध्यक्ष एड. सुनील देशमुख ने निर्वाचन निर्णय अधिकारी के तौर पर जिम्मा संभालते हुए मतदान एवं मतगणना की पूरी प्रक्रिया को अपनी देखरेख में पूरा कराया. इस चुनाव में रिफार्म्स क्लब के कुल 1045 सदस्यों को मतदान का अधिकार दिया गया था. जिसमें से केवल 685 मतदाताओं ने ही निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. जिसके चलते इस चुनाव में 65.55 फीसद मतदान दर्ज किया गया.
खास बात यह रही कि, रिफार्म्स क्लब की कार्यकारिणी के सभी पदों हेतु स्वतंत्र मतपत्रिका तैयार की गई थी और प्रत्येक मतदाता को सभी 11 पदों के लिए मतदान करना था. उससे कम अथवा अधिक मतदान करनेवाले मतदाताओं के वोट अवैध घोषित किए जाने की पूर्व सूचना निर्वाचन निर्णय अधिकारी एड. सुनील देशमुख द्वारा दी गई थी. जिसके चलते मतदान के समय मतदाताओं द्वारा किसी भी तरह की कोई गलती न हो, इस बात की ओर विशेष ध्यान भी दिया गया. शाम करीब 5 बजे के आसपास मतदान की प्रक्रिया समाप्त होने के उपरांत शाम 6 बजे के आसपास मतगणना का काम शुरु किया गया. जो लगभग पूरी रातभर चलता रहा. पश्चात आज सुबह 6 बजे के आसपास चुनावी नतीजे घोषित किए गए. जिसमें प्रोग्रेसिव पैनल की ओर से अध्यक्ष पद के दावेदार रहनेवाले दिवेश अग्रवाल ने 370 वोट हासिल करते हुए शानदार जीत दर्ज की. जबकि उनके प्रतिस्पर्धी रहनेवाले यूनिटी पैनल के प्रत्याशी धनंजय बंड 311 वोट ही हासिल कर पाए. वहीं दूसरी ओर सचिव पद के चुनाव में यूनिटी पैनल के प्रत्याशी व शहर के ख्यातनाम नेत्रशल्य विशेषज्ञ डॉ. राजेश जवादे ने 374 वोट हासिल कर चुनाव जीता. जबकि उनके प्रतिस्पर्धी एवं प्रोग्रेसिव पैनल के प्रत्याशी शरद चुटके को 308 वोट ही मिल पाए.
इसके अलावा व्यवस्थापन समिति सदस्य पद के चुनाव में प्रोग्रेसिव पैनल के नितिन चेंडूलकर (354), डॉ. अश्विनकुमार देशमुख (352), हेमंत लड्ढा (367), डॉ. संचिता देशमुख (379), सारंग राऊत (425) व अनिल विखे (351) तथा रिफार्म्स यूनिटी पैनल के राहुल चड्ढा (361), अंगद देशमुख (348) व अमन तलडा (350) ने शानदार जीत हासिल की. जिसके चलते व्यवस्थापन समिति में भी दोनों पैनलों की मिली-जुली भागीदारी दिखाई दे रही है. वहीं व्यवस्थापन समिति सदस्य पद के लिए चुनावी मैदान में रहनेवाले डॉ. अतुल यादगिरे (329), पुरुषोत्तम बजाज (328), कैलास गिरोलकर (320), रमेश असनानी (306), भरत तसरे (304), रवि महल्ले (303), डॉ. राजेश उताणे (284), महेश केवलरामानी (265) व कैलास पडलकर (230) को हार का सामना करना पडा.
* चुनावी अखाडे में मौजूद तीनों ‘देशमुख’ ने मारी बाजी
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, रिफार्म्स क्लब के चुनाव में देशमुख सरनेम वाले 3 प्रत्याशी व्यवस्थापन समिति सदस्य पद हेतु चुनावी मैदान में थे. जिनमें संचिता पांडे-देशमुख, डॉ. अश्विनीकुमार देशमुख व अंगद देशमुख का समावेश था और खास बात यह रही कि, देशमुख सरनेम वाले इन तीनों प्रत्याशियों ने बेहद शानदार वोटों के साथ रिफार्म्स क्लब की व्यवस्थापन समिति के सदस्य पद का चुनाव भी जीता. जिसके चलते रिफार्म्स क्लब की व्यवस्थापन समिति में ‘देशमुखी दबदबा’ दिखाई देने की चर्चा रही.
* सभी नवनिर्वाचितों का हुआ जल्लोषपूर्ण अभिनंदन
स्थानीय कैम्प परिसर में विद्याभारती महाविद्यालय के सामने स्थित रिफार्म्स क्लब में आज सुबह मतगणना पश्चात चुनावी नतीजे घोषित होते ही दोनों पैनलों द्वारा अपने-अपने विजयी प्रत्याशियों का जल्लोषपूर्ण अभिनंदन किया गया. साथ ही सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष व सचिव सहित व्यवस्थापन समिति सदस्यों को बधाईयां भी दी.
* राजू मुंधडा के नेतृत्व में प्रोग्रेसिव पैनल नेे मारी बाजी
– पैनल के विजेता प्रत्याशियों ने जताई कृतज्ञता
इस समय रिफार्म्स क्लब के चुनाव में अध्यक्ष पद सहित 5 व्यवस्थापन समिति सदस्य पदों पर जीत हासिल करनेवाले प्रोग्रेसिव पैनल के नेतृत्वकर्ता राजू मुंधडा, अजय अग्रवाल, रोहित राठी, उमेश महेंद्र व रवि बागडे के प्रति प्रोग्रेसिव पैनल के विजयी प्रत्याशियों ने आभार ज्ञापित किया और उन्हें अपनी जीत का शिल्पकार भी बताया.
* सारंग राऊत ने हासिल किए सर्वाधिक 425 वोट
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, रिफार्म्स क्लब के चुनाव में व्यवस्थापन समिति सदस्य पद के लिए चुनावी मैदान में रहनेवाले सारंग राऊत ने सर्वाधिक 425 वोट हासिल किए. जिसे अपने-आप में एक रिकॉर्ड कहा जाता है.
* युवा उद्योजक अमन तलडा ने भी जीता चुनाव
व्यवस्थापन समिति सदस्य पद हेतु रिफार्म्स यूनिटी पैनल की ओर से प्रत्याशी रहनेवाले शहर के युवा उद्योजक व भवन निर्माण व्यवसायी अमन तलडा भी गत रोज हुए चुनाव में विजयी हुए. जिन्होंने 350 वोट हासिल किए. बता दें कि, शहर के भवन निर्माण क्षेत्र में प्रतिष्ठित रहनेवाले गोविंदा ग्रुप का संचालन अमन तलडा एवं उनके पिता सुभाष तलडा द्वारा किया जाता है.





