टाइम पास न करें, लाखों कार्यकर्ता बैठे हैं जगह लेने
पीएम मोदी की सांसदों को दो टूक

नई दिल्ली./ दि. 5- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरूवार को उन सांसदों को फटकारा जो संसद भवन परिसर की कैंटीन में बैठकर टाइम पास करते हैं. मोदी ने दो टूक कहा कि लाखों कार्यकर्ता बैठे हैं, तैयार हैं उनकी जगह लेने के लिए. मोदी ने कहा कि लाखों- करोडों लोगों में से आपको संसद में आकर जनता के प्रश्न और समस्याएं उठाने का अवसर मिला है. इस अवसर का लाभ लें. संधि को सोना बना दें. कैंटीन में बैठकर समय बरबाद न करने की सलाह भी पीएम मोदी ने दी.
संसद में दो दिनों से हंगामा हो रहा है. भारत की अमेरिका के साथ डील और पूर्व सेना प्रमुख मनोज नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक के मसले पर विपक्ष ने हंगामा कर रखा है. ऐसे में आज सातवें दिन भी कामकाज दोपहर तक स्थगित कर दिया गया. राज्य सभा में संसदीय कामकाज मंत्री किरण रिजीजू ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को कहा कि राहुल गांधी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं. आप उन्हें नियम स्पष्ट बताते क्यों नहीं ?
राज्य सभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने दलील दी कि लोकसभा के कामकाज पर राज्यसभा में चर्चा नहीं हो सकती. उन्होंने कह दिया कि कांग्रेस को एक अबोध बालक का बंधक न बनाए. जिसके बाद विपक्षी सांसदों ने सदन से सभा त्याग किया. समाचार है कि प्रधानमंत्री आज शाम राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर संबोधन कर सकते हैं. लोकसभा में राष्ट्रपति के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव पारित हो गया है.





