डॉ. सैय्यद अबरार को मिला राष्ट्रीय सम्मान

फेमडेंट अवार्ड-2026 से हुए समारोहपूर्वक सम्मानित

* दंत चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला अवॉर्ड
* समर्पित सेवाभाव तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से लेस बेहद सुंदर अस्पताल की हुई सराहना
* विगत 30 वर्षो से सिर्फ 20 में मरीजों का इलाज कर रहे डॉ. सैयद अबरार
अमरावती / दि.25 – विगत 30 वर्षो से महज 20 रूपए का सेवा शुल्क लेते हुए मरीजों की दंत चिकित्सा कर रहे अमरावती के ख्यातनाम दंत शल्य चिकित्सक डॉ. सैयद अबरार को हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर फेमडेंट अवार्ड-2026 से समारोहपूर्वक सम्मानित किया गया. यह प्रतिष्ठित सम्मान डॉ. सैयद अबरार को उनके समर्पण, उत्कृष्ट कार्य और मरीजों के प्रति सेवा भावना के लिए प्रदान किया गया.
बता दें कि दंत चिकित्सकों में जोश पैदा करने के साथ ही उन्हें और अधिक बेहतर कार्य करने हेतु प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर फेमडेंट अवार्ड प्रदान किए जाते हैं. जिसमें पूरे भारत भर से दंत चिकित्सकों द्बारा अपनी प्रविष्टियां भेजी जाती है. पश्चात पुरस्कार समिति द्बारा सभी प्रविष्टियों की जांच पडताल करते हुए कुछ चुनिंदा प्रविष्टियों को इस अवार्ड के लिए चुना जाता है. इसमें दंत चिकित्सक द्बारा मरीजों को दी जानी वाली सेवा के साथ-साथ दंत चिकित्सा क्लीनिक व अस्पताल में आधुनिकता के साथ सौंदर्यीकरण के मानक को भी ध्यान में रखा जाता है. इसके आधार पर डेंटिस्ट ऑफ द इयर तथा डेंटल क्लीनिक ऑफ द इयर के पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं. इस वर्ष करीब 3 से 4 माह तक चली स्क्रूटनी की प्रक्रिया के बाद पूरे भारत वर्ष से 8 दंत चिकित्सकों को फेमडेंट अवार्ड के लिए चुना गया. जिसमें से अमरावती के डॉ. सैयद अबरार को बेहद सुंदर व आधुनिक डेंटल क्लीनिक के लिए छठवां एवं समर्पित भाव से की जानेवाली समाज सेवा के लिए आठवां स्थान प्रदान करते हुए फेमडेंट अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया.
उल्लेखनीय है कि महंगाई के इस दौर में जहां हर तरह का इलाज दिन-ब-दिन महंगा होता जा रहा है, वहीं डॉ. सैयद अबरार विगत 30 वर्षो से मात्र 20 की नाममात्र फीस में मरीजों का उपचार कर समाज के लिए मिसाल बने हुए हैं. खास बात यह भी है कि 30 वर्ष पहले किराए की महज 200 स्केयर फीट जगह से दंत चिकित्सक के तौर पर अपने काम की शुरूआत करनेवाले डॉ. सैयद अबरार ने कुछ वर्ष पहले ही नागपुरी गेट परिसर में अपना 4 मंजिला बेहद आलीशान एवं अत्याधुनिक सेवाओं और सुविधाओं से लैस डेंटल क्लीनिक व हॉस्पिटल शुरू किया था. जहां पर दंत चिकित्सा को लेकर हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ साथ मरीजों के आराम व सहूलियत के लिहाज से सभी सुविधाओं का विशेष तौर पर ध्यान रखा गया है. साथ ही साथ इस डेंटल हॉस्पिटल की आंतरिक साजसज्जा भी बेहतरीन तरीके से की गई है. लेकिन खास बात यह है कि इतना सब करने के बावजूद डॉ. सैयद अबरार ने अपनी फीस को नहीं बढाया. बल्कि वे आज भी पहले की तरह ही मात्र 20 रूपए का सेवा शुल्क लेकर मरीजों का इलाज करते हैं. उनकी इस निस्वार्थ सेवा से हजारों जरूरतमंद लोगों को राहत मिली है, जिससे उन्हें आम जनता का अपार स्नेह और विश्वास प्राप्त हुआ है. ऐसे में डॉ. सैयद अबरार की यह उपलब्धि न केवल उनके लिए बल्कि पूरे अमरावती शहर के लिए गर्व का विषय है. जिसके चलते डॉ. सैयद अबरार द्बारा राष्ट्रीय स्तर पर हासिल की गई उपलब्धि से पूरा अमरावती शहर हर्षित एवं गर्वित दिखाई दे रहा है. साथ ही साथ शहर के गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों द्बारा डॉ. सैयद अबरार को इस उपलब्धि हेतु बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जा रही है.

Back to top button