वर्दी का सपना, मैदान पर पसीना: 214 पदों के लिए हजारों युवा मैदान में

ग्रामीण पुलिस भर्ती जोर-शोर से जारी, 5,300 से अधिक अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में सफल

अमरावती/दि.24 – अमरावती ग्रामीण पुलिस बल में 214 पुलिस कांस्टेबल पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया इन दिनों पूरे उत्साह के साथ जारी है. 11 से 21 फरवरी के बीच राज्य और जिले भर से हजारों अभ्यर्थी अपनी शारीरिक क्षमता साबित करने मैदान में उतरे. ठंड और शारीरिक थकान को मात देते हुए युवा वर्दी पहनने के अपने सपने को साकार करने के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शारीरिक परीक्षा के लिए कुल 11,286 उम्मीदवारों को बुलाया गया था. इनमें से 7,531 उम्मीदवार उपस्थित हुए, जबकि 3,755 विभिन्न कारणों से अनुपस्थित रहे. उपस्थित अभ्यर्थियों में से अब तक 5,300 से अधिक युवा शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं.

* 485 उम्मीदवार मापदंड में अयोग्य
पिछले 10 दिनों में केवल शारीरिक माप (ऊंचाई व छाती) में कमी के कारण 485 उम्मीदवार अयोग्य घोषित किए गए. वहीं, 11 अभ्यर्थियों को दस्तावेजों की अपूर्णता के चलते वापस लौटना पड़ा. 21 फरवरी को अधिकतम 20 उम्मीदवार शारीरिक माप में अयोग्य पाए गए.

* पारदर्शिता पर विशेष जोर
भर्ती प्रक्रिया अमरावती ग्रामीण पुलिस द्वारा पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है. शारीरिक माप, दस्तावेज सत्यापन और फील्ड टेस्ट में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है. यह पूरी प्रक्रिया पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद के मार्गदर्शन में, ग्रामीण अपराध शाखा के निरीक्षक किरण वानखेड़े और विशेष शाखा प्रमुख आधार सिंह सोनी के नेतृत्व में संपन्न हो रही है.

* कट-ऑफ रहेगा कड़ा
फील्ड टेस्ट में सफल अभ्यर्थी अब लिखित परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं. 214 पदों के लिए हजारों उम्मीदवारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए इस बार कट-ऑफ सूची काफी ऊंची रहने की संभावना जताई जा रही है.

* उपस्थिति में लगातार वृद्धि
18 फरवरी को 1,488 उम्मीदवार उपस्थित रहे. 16 और 18 फरवरी को प्रतिदिन 293 अभ्यर्थियों ने फील्ड टेस्ट पास किया. शुरुआत में जहां प्रतिदिन लगभग 800 उम्मीदवार शामिल हो रहे थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर प्रतिदिन लगभग 2,000 तक पहुंच गई है. भर्ती प्रक्रिया अभी जारी है और युवाओं में पुलिस बल में शामिल होने को लेकर उत्साह चरम पर है.

 

Back to top button