पुणे जानेवाली स्लीपर कोच बस के चालक ने किया शराब का सेवन

अमरावती जिले के परतवाडा से रवाना हुई थी यह बस

* खामगांव बस डिपो में मचाया हंगामा
बुलढाणा/दि.14 – अमरावती जिले के परतवाडा शहर से पुणे की तरफ जानेवाली स्लीपर कोच बस के दोनों चालकों ने ड्यूटी पर रहते शराब का सेवन किया. केवल शराब न लेते हुए दोनों ने खामगांव बस डिपो में हंगामा मचाया. इस घटना के समाचार संकलित करने आए पत्रकार के साथ भी उन्होंने अभद्र व्यवहार किया. इस कारण एसटी महामंडल की इस बस से सफर करनेवाले यात्रियों को दो घंटे तक खामगांव बस डिपो में ही बैठे रहना पडा.
शराब के नशे में धूत चालक ने दो घंटे तक बस खामगांव में ही रोके रखी. जिससे यात्री परेशान हो गए. बाद में पुणे यह बस देरी से पहुंचने के कारण नौकरीपेशा वालों को परेशानी का सामना करना पडा. रापनि की शयन सुविधायुक्त बस शुक्रवार 13 फरवरी की शाम 7 बजे परतवाडा से पुणे की तरफ रवाना हुई थी. परतवाडा डिपो के शयनयान बस के चालक द्वारा शराब का सेवन कर बस चलाने की बात यात्रियों को पता चली. उस समय बस खामगांव डिपो पहुंच गई थी. सफर लंबी दूरी का रहने से परतवाडा डिपो के ही दो बस चालक और दो वाहक इस बस में थे. इसमें बस चलानेवाला चालक और सहचालक दोनों चलती बस में शराब का सेवन कर रहे थे. इस बस में देशी शराब की अनेक बोतल दिखाई दी. चालक शराब के नशे में था और जालना से दूसरा चालक भी बस पुणे तक चलानेवाला था. वह भी नशे में धूत अवस्था में था. इन दोनों बस चालकों ने खामगांव डिपो पर काफी हंगामा मचाया. जिससे खामगांव बस डिपो के नियंत्रक व अन्य कर्मचारी भी परेशान हो गए. शराबी चालक किसी की कोई बात न सुनने के कारण खामगांव पुलिस को बस डिपो बुलाया गया. इस कारण बस दो घंटे देरी से पुणे के लिए रवाना हुई. अब इन चालकों के खिलाफ एसटी महामंडल प्रशासन अथवा अमरावती विभाग नियंत्रक क्या कार्रवाई करते है, इस ओर यात्रियों का ध्यान केंद्रित है.

Back to top button