पारस विद्युत प्रकल्प के वाहन चालकों का कल से आमरण अनशन

भाई जी. एम. भालेराव ने दी चेतावनी

अकोला /दि.11- अपनी अधिकारपूर्ण मांगों के लिए पारस विद्युत केंद्र के मुख्य द्वार के समक्ष पारस विद्युत प्रकल्प के वाहन चालकों द्वारा शुरु किए गए श्रृंखलाबद्ध अनशन का आज चौथा दिन रहा. परंतु इसके बावजूद भी प्रकल्प व्यवस्थापन द्वारा उनकी मांगों को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही. जिसके चलते अब संबंधित वाहन चालकों ने कल रविवार 12 अप्रैल से आमरण अनशन करने का निर्णय लिया है. जिसके बारे में जानकारी देते हुए कामगार संगठन के केंद्रीय कार्याध्यक्ष भाई जी. एम. भालेराव ने चेतावनी दी है कि, यदि इस अनशन के दौरान किसी भी अनशनकारी की जान के लिए कोई खतरा पैदा होता है, तो उस स्थिति के लिए एफजीडी प्रकल्प के व्यवस्थापन सहित अभी इंजीनियरिंग कंपनी प्रबंधन जिम्मेदार रहेगा.
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया गया कि, पारस विद्युत प्रकल्प में सेवा दे रहे वाहन चालकों को तीन वर्ष के सेवाकाल का फुल एंड फायनल वेतन एवं बकाया वेतन अभी इंजीनियरिंग कंपनी द्वारा अद्यावत नहीं किया गया है. जिसके चलते वाहन चालकों द्वारा चार दिन पहले विद्युत प्रकल्प के मुख्य प्रवेशद्वार के समक्ष आमरण अनशन करना शुरु किया गया. लेकिन इसके बावजूद भी विद्युत प्रकल्प व्यवस्थापन एवं कंपनी प्रबंधन द्वारा उपोषणकर्ता वाहन चालकों से कोई भेंट नहीं की गई. ऐसे में अब उपोषणकर्ता प्रवीण वानखडे व आशीष सोनोने द्वारा कल रविवार 12 अप्रैल से आंदोलन स्थल पर ही बेमुदत आमरण अनशन करने का निर्णय लिया गया है. ऐसे में यदि दोनों अनशनकारियों की जान के लिए कोई भी खतरा पैदा होता है, तो सरकार व प्रशासन के साथ ही पारस विद्युत प्रकल्प व्यवस्थापन तथा ब्रिज एंड रुफ कंपनी व अभी इंजीनियरिंग कंपनी प्रबंधन की जिम्मेदारी रहेगी.

Back to top button