कांग्रेस संगठन मजबूत करने शीघ्र चुनाव
कांगे्रस शहर और जिलाध्यक्ष के नामिनेशन शुरु

* 14 अप्रैल से 4 दिनों तक निरीक्षकों का अमरावती में डेरा
* सामाजिक संस्थाओं, संगठनों सभी से चर्चा कर होगा निर्णय
* निरीक्षक, विधायक आफताब अहमद और भाई जगताप का कहना
अमरावती/दि.3 – कांग्रेस शहराध्यक्ष और जिलाध्यक्ष नामांकन प्रारंभ हो गये हैं. पार्टी के हाई कमान द्वारा दिये गये निर्देशों का पालन करते हुए प्रभावी और सर्वमान्य शहर व जिलाध्यक्ष चुने जाएंगे. इसके लिए सामान्य कार्यकर्ता भी आवेदन कर सकते हैं. पार्टी के सभी निरीक्षकों का संगठन चुनाव हेतु आगामी 14 अप्रैल से 4 दिनों तक शहर जिले में डेरा रहेगा. यह जानकारी पार्टी के संगठन सृजन अभियान के अमरावती निरीक्षक व हरियाणा विधानसभा के सदस्य आफताब अहमद तथा पूर्व मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक भाई जगताप ने आज दोपहर दी. कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में उक्त दोनों निरीक्षक बोल रहे थे. इस समय निरीक्षक रामविजय बुरुंगले, झीशान हुसैन, संजय दुबे और संजय खाडे के साथ सांसद बलवंत वानखडे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बबलू देशमुख, पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर, शहर जिलाध्यक्ष बबलू शेखावत, मनपा विरोधी पक्ष नेता विलास इंगोले, हरिभाउ मोहोड, पूर्व विधायक वीरेंद्र जगताप, नजीर खान बीके आदि मौजूद थे.
* सामाजिक संगठनों से भी होगी चर्चा
विधायक भाई जगताप ने बताया कि, पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर यह संगठन सृजन तय किया था. महाराष्ट्र में लागू हो रहा यह पार्टी का सातवा चरण है. जिसके तहत नये जिलाध्यक्ष और संगठन पदाधिकारियों का चयन किया जा रहा है. इसके तहत सभी सामाजिक संगठनों, व्यापारी संगठनों, संस्थाओं और गणमान्य से आगामी 14 अप्रैल से 4 दिनों तक पार्टी निरीक्षक आफताब अहमद और वे स्वयं चर्चा करेंगे. उसके बाद ही इस विषय में प्रक्रिया पूर्ण कर निर्णय होगा. भाई जगताप ने स्पष्ट कर दिया कि, अध्यक्ष पद के लिए नामांकन शुरु हो गया है. कोई भी कांग्रेस कार्यकर्ता शहर व जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर सकता है.
* पार्टी संगठन मजबूत होना आवश्यक
भाई जगताप ने बताया कि, कांग्रेस का संगठन सुदृढ करना ही इस अभियान का उद्देश्य है. उन्होंने बताया कि, तीन बार हरियाणा विधानसभा चुनाव जीते आफताब अहमद को संगठन मजबूत करने का तगडा अनुभव है और वे संगठन के ही व्यक्ति माने जाते हैं. कुशल संगठक है. उन्होंने बताया कि, पार्टी की तहसील निहाय बैठकें शुरु हो गई है. सामान्य कार्यकर्ता किसी भी पद के लिए आवेदन नामांकन कर सकते हैं. उन्होनें बताया कि, 14 अप्रैल से 4 दिनों तक जिले के प्रत्येक तालुका में निरीक्षक जाएंगे और पार्टीजनों से नये अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष के विषय में चर्चा करेंगे. युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई सभी से चर्चा और विचार विनिमय होगा.
* सभी ब्लॉक में जाकर होगी वन टू वन चर्चा
विधायक आफताब अहमद ने बताया कि, संगठन को जमीनी लेवल पर मजबूत करने के लिए न केवल प्रत्येक देहाती क्षेत्र में पार्टी के निरीक्षक के रुप में वे और उनके साथी जाएंगे. ब्लॉक लेवल तक प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता से वन टू वन चर्चा होगी. तत्पश्चात ही जिलाध्यक्ष और अन्य पदों के विषय में निर्णय होंगे. विधायक अहमद ने बताया कि, पार्टी के निष्ठावान और प्रतिभाशाली लोगों को पद पर नियुक्त करने की कोशिश होगी. वे पार्टी के प्रत्येक निष्ठावान से पार्टी कार्य हेतु आगे आने की अपिल भी करते हैं. उन्होंने नामांकन का स्वरुप भी इस समय बताया. हरियाणा के विधायक आफताब ने बताया कि, अमरावती शहर और अमरावती ग्रामीण में प्रत्येक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नेता से चर्चा कर कांग्रेस को उर्जावान और मजबूत करने के बारे में सुझाव लिये जाएंगे, संवाद किया जाएगा. इसके वास्ते 4 दिनों का समय मुकर्रर किया गया है.
* राहुल जी के निर्देश
पूर्व मंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता यशोमति ठाकुर ने इस समय कहा कि, पार्टी के निरीक्षक खास तौर से राहुल गांधी के निर्देश पर आये हैं. पार्टी संगठन को राहुल गांधी के कार्यक्रमानुसार मजबूत करना है. देश के अन्य प्रदेशों में भी पार्टी को संगठन स्तर पर मजबूत किया जा रहा है. निष्ठावान और प्रतिभाशाली लोगों को कांग्रेस जिम्मेदारी देने जा रही हैं. राहुल गांधी के निर्देश से ही पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता से निरीक्षक बात करेंगे, संवाद करेंगे और उसी आधार पर कांग्रेस को मजबूत करने संबंधी निर्णय होंगे. पत्रकार परिषद में बडी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे.





