गढचिरोली में लगे भूकंप के झटके

अहेरी व सिरोंचा क्षेत्र के सीमावर्ती हिस्सों में थर्रायी धरती

* तेलंगना के रामगुंडम में भूकंप का केंद्र रहने की जानकारी
* रिक्टर स्केल पर 3.9 की तीव्रता हुई दर्ज
गढचिरोली /दि.26- गढचिरोली जिले के अहेरी व सिरोंचा क्षेत्र सहित तेलंगना राज्य से लगे सीमावर्ती क्षेत्रों में बीती रात भूकंप के सौम्य झटके महसूस किए गए. जिनकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.9 की दर्ज की गई. इस भूकंप का केंद्र तेलंगना राज्य के मंचेरियाल जिला अंतर्गत रामगुंडम से 35 किमी की दूरी पर रहने की जानकारी सामने आई है.
जानकारी के अनुसार रात करीब 11:51 से 11:59 बजे के बीच अहेरी उपविभाग सहित आलापल्ली, सिरोंचा और आसपास के क्षेत्रों में जमीन में कंपन महसूस हुआ. हालांकि इस घटना में किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है. पिछले पांच वर्षों में इस क्षेत्र में महसूस किया गया यह पांचवां भूकंपीय झटका है, जिससे सीमा क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है.
* भूकंप संभावित क्षेत्र माना जाता है इलाका
विशेषज्ञों के अनुसार गोदावरी घाटी का यह पूरा क्षेत्र भूकंप संभावित जोन-3 में आता है. यहां बड़े पैमाने पर कोयला खनन गतिविधियां और बड़े बांध परियोजनाएं होने के कारण भूगर्भीय संरचना पर दबाव बढ़ने की संभावना बनी रहती है. पिछले वर्ष भी इस क्षेत्र में 5.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जिसका केंद्र तेलंगाना के मुलुगू इलाके में था. विशेषज्ञों का मानना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही खनन गतिविधियां तथा कालेश्वरम सिंचाई परियोजना के अंतर्गत बने बड़े बांधों के कारण भूमिगत दबाव में बदलाव हो सकता है. इससे भूकंपीय गतिविधियों की आवृत्ति बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
लगातार आ रहे झटकों के कारण महाराष्ट्र-तेलंगाना सीमा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लोगों के बीच चिंता का वातावरण है. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल किसी बड़े खतरे की पुष्टि नहीं की गई है. भूकंप के बाद कई स्थानों पर लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए. प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है.

Back to top button